Milk Price Hike: ओडिशा में दूध के दाम में प्रति लीटर 4 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इससे अब ग्राहकों को दूध पहले से महंगा मिलेगा.
Milk Price Hike: पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच दुनिया भर में महंगाई बढ़ती जा रही है. महंगाई के इस लपेटे में भारत के कई क्षेत्र भी शामिल हैं. जी हां, हाल ही में देश में तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर और 5 किलो वाले एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की थी. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए हवाई जहाज के ईंधन के दाम में भी बढ़ोतरी की गई थी.
अब खबर दूध की कीमत में उछाल को लेकर है. यह खबर ओडिशा से आई है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादन संघ (OMFED) ने दूध के दाम में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला किया है. यह संशोधित दाम आज यानी रविवार 3 मई से ही प्रभावी कर दिया गया है. आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर.
अब इन नए दामों पर मिलेगा दूध
मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने बताया कि टोंड दूध की कीमत को 50 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 54 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. वहीं, प्रीमियम दूध के दाम को 54 रुपये से बढ़ाकर 58 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. ऐसे ही गोल्ड प्रीमियम दूध में भी प्रति लीटर 4 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. यह अब 56 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. वहीं, गोल्ड प्रीमियम प्लस वेरिएंट का दाम अब 60 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 64 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा. मंत्री मल्लिक ने बताया कि टोंड दूध और प्रीमियम दूध के 500 मिलीलीटर के पाउच अब क्रमशः 27 रुपये और 29 रुपये में मिलेंगे.
क्यों बढ़े दूध के दाम?
ओडिशा में दूध के दाम प्रति लीटर 4 रुपये बढ़ा दिए गए हैं. इसकी पीछे की वजह भी बताई गई है. ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादन संघ (OMFED) ने बताया कि प्रसंस्करण और परिवहन लागत (Processing and Transportation costs) में बढ़ोतरी की वजह से यह कदम उठाया गया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ओडिशा के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने बताया कि प्रोसेसिंग और परिवहन लागत में बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए दूध की कीमत बढ़ाई गई है.
उन्होंने कहा कि दूध की कीमतों में लंबे समय से कोई संशोधन नहीं हुआ है. हम किसानों के हित में अधिक कीमत पर दूध खरीदेंगे. अन्य ब्रांडेड कंपनियों की तुलना में ओमफेड की कीमत अभी भी काफी कम है. मंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि दूध की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
किसानों से दूध खरीद पर इतने रुपये की बढ़त
जानकारी के अनुसार, ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादन संघ ने किसानों के लिए भी खुशखबरी दी है. इसने किसानों से खरीदे जाने वाले गाय के दूध की कीमत में प्रति लीटर एक रुपये की बढ़ोतरी की है. इसे अब 38.05 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 39.05 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. वहीं, भैंस के दूध पर प्रति लीटर 1.60 रुपये बढ़ा दिया है.
यह भी पढ़ें: टॉप-10 कंपनियों में से 4 का ₹2.20 लाख करोड़ बढ़ा मार्केट कैप, यहां देखें पूरी लिस्ट
