Economic System: एक दौर था जब पैसा मतलब जेब में रखे नोट. ₹1,000 का भुगतान करना हो तो नोट गिने जाते थे, ₹1 लाख का भुगतान हो तो नकदी की व्यवस्था करनी पड़ती थी और बड़े कारोबारी भुगतान में सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता होती थी. आज वही भारत है, जहां मोबाइल स्क्रीन पर कुछ सेकंड में भुगतान हो जाता है. यह केवल तकनीक का बदलाव नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक व्यवस्था में आया बड़ा परिवर्तन है.
जानिए कैसे सफर करता है आपका पैसा
नोट छापना उसके सफर की शुरुआत भर है. बैंक नोटों की छपाई के बाद उसे सुरक्षित रूप से Currency Chests तक पहुंचाता है. वहां से बैंक शाखाओं और ATM के माध्यम से जनता तक नकदी पहुंचती है. पुराने और खराब नोट वापस लिए जाते हैं, उनकी जांच होती है और फिर उन्हें व्यवस्था से बाहर किया जाता है. RBI के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक नोटों की छपाई पर लगभग ₹4,875 करोड़ खर्च हुए. यानी नकदी हमें भले ही ‘मुफ्त’ दिखाई देती हो, लेकिन उसके पीछे एक बड़ा आर्थिक और प्रशासनिक ढांचा लगातार काम करता है. इसके अतिरिक्त नकदी के परिवहन, सुरक्षा, भंडारण, ATM और Cash Management की भी अपनी लागत होती है.
UPI ने क्या बदला?
UPI ने भुगतान की परिभाषा ही बदल दी. आज ₹100 भेजने और ₹1 लाख भेजने के लिए अलग-अलग संख्या में नोटों की आवश्यकता नहीं है. रकम बैंक खाते से दूसरे खाते तक इलेक्ट्रॉनिक तरीके से पहुंचती है. लेकिन यहां एक भ्रम दूर करना जरूरी है कि UPI कोई नया ‘टैक्स’ नहीं है. 15 सितंबर 2026 को सरकार द्वारा जारी स्पष्टीकरण के अनुसार Person-to-Person यानी P2P UPI भुगतान निःशुल्क है. आपने किसी व्यक्ति को ₹1,000 या ₹1 लाख UPI से भेजे तो केवल UPI इस्तेमाल करने के कारण आपसे MDR नहीं लिया जाता. ₹2,000 तक के सामान्य Merchant UPI Payments के लिए भी zero-MDR व्यवस्था है.
फिर MDR की चर्चा क्यों?
MDR यानी Merchant Discount Rate Payment Ecosystem में होने वाली एक लागत है. इसे सरकार द्वारा लगाया गया UPI Tax समझना सही नहीं है. कुछ निर्धारित Merchant Transactions के लिए MDR लागू किया गया है. सामान्य eligible merchant transaction में यह 0.40 प्रतिशत, अधिकतम ₹300 प्रति transaction तक हो सकता है. उदाहरण के लिए ₹1 लाख के eligible merchant payment पर 0.40 प्रतिशत की गणना ₹400 होती, लेकिन cap के कारण MDR ₹300 से अधिक नहीं होगा. महत्वपूर्ण बात यह है कि यह ग्राहक से वसूल किया जाने वाला सरकारी टैक्स नहीं है.
बीमा क्षेत्र में UPI का क्या असर?
Financial Services की दुनिया में यह विषय और महत्वपूर्ण हो जाता है. आज insurance premium का भुगतान बड़ी संख्या में digital modes से होता है. UPI ने policyholder के लिए premium payment को सरल बनाया है. नई व्यवस्था में eligible Insurance Merchant Payments के लिए ₹5 प्रति transaction का flat MDR निर्धारित किया गया है. इसका अर्थ यह नहीं है कि ₹20,000 का premium भरने पर ग्राहक के ऊपर ₹5 का UPI Tax लगा दिया जाएगा. MDR payment ecosystem की लागत है, ग्राहक पर लगाया गया tax नहीं. एक Financial Consultant के नजरिए से देखें तो आसान और frictionless premium payment insurance continuity के लिए भी उपयोगी है.
Mutual Fund निवेशकों के लिए क्या बदलेगा?
Mutual Fund और Securities से जुड़े eligible UPI payments के लिए भी अलग MDR व्यवस्था रखी गई है. सरकारी जानकारी के अनुसार इस श्रेणी में 0.02 प्रतिशत MDR, अधिकतम ₹300 प्रति transaction निर्धारित है. उदाहरण के लिए ₹1 लाख की eligible Mutual Fund transaction पर 0.02 प्रतिशत की गणना ₹20 होती है. लेकिन यहां भी मूल बात यही है कि यह निवेशक पर लगाया गया UPI Tax नहीं है. केवल UPI इस्तेमाल करने के कारण निवेशक की ₹1 लाख की investment में से ₹20 सरकारी टैक्स के रूप में काटना इसका अर्थ नहीं है.
₹1,000 से ₹1 करोड़ तक
असल सवाल राशि नहीं, भुगतान का प्रकार है. UPI की चर्चा करते समय अक्सर पूछा जाता है कि ₹1,000 पर कितना चार्ज, ₹1 लाख पर कितना और ₹1 करोड़ पर कितना? इसका सही उत्तर केवल रकम देखकर नहीं दिया जा सकता. P2P है या P2M, किस category का merchant है, कौन-सा payment instrument इस्तेमाल हो रहा है और transaction limit क्या है. इन बातों से शुल्क और भुगतान की प्रक्रिया तय होती है. इसलिए यह कहना कि UPI पर ₹1 लाख भेजने पर इतना टैक्स लगेगा अपने आप में अधूरा निष्कर्ष है. बड़ी रकम के लिए बैंक और transaction limits को भी ध्यान में रखना जरूरी है.
Cash Economy से Less-Cash Economy तक
भारत को पूरी तरह Cashless Economy कहना अभी उचित नहीं होगा. देश में आज भी नकदी की महत्वपूर्ण भूमिका है. मार्च 2026 तक circulation में banknotes का मूल्य लगभग ₹41.23 लाख करोड़ था. इसका अर्थ साफ है UPI ने Cash को खत्म नहीं किया है. उसने Cash पर निर्भरता को कम करने का रास्ता बनाया है. UPI को केवल एक payment app की सुविधा समझना भी उचित नहीं होगा. इसके पीछे बैंक, NPCI, Payment Service Providers, cybersecurity infrastructure और विशाल technology network काम करता है. अगस्त 2026 में UPI पर लगभग 24.51 अरब transactions हुए और उनका कुल मूल्य करीब ₹29.82 लाख करोड़ रहा. यह आंकड़ा बताता है कि UPI अब केवल छोटी खरीदारी का माध्यम नहीं है, बल्कि भारत के Financial Infrastructure का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है.
Digital payments से हुई आसानी
Digital payments ने छोटे कारोबारियों के लिए payment स्वीकार करना आसान बनाया है. ग्राहकों के लिए सुविधा बढ़ी है और insurance तथा investment जैसे financial services में digital collection का महत्व बढ़ा है. लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि नकदी की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी. आपदा, नेटवर्क समस्या, छोटे ग्रामीण बाजारों और कई अन्य परिस्थितियों में Cash आज भी जरूरी है. इसलिए भविष्य शायद ‘Cashless India’ से अधिक ‘Less-Cash India’ का होगा. एक समय था जब भारत में बड़े भुगतान का अर्थ था, नोटों का बंडल, बैंक की कतार और सुरक्षा की चिंता. आज उसी भारत में QR Code स्कैन करके भुगतान किया जा सकता है.
भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा अब नेटवर्क पर
नोट छापने की अपनी लागत है, उसे सुरक्षित रखने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की अपनी लागत है, वहीं Digital Payment Infrastructure को चलाने की भी अपनी लागत है .इसलिए असली बहस यह नहीं होनी चाहिए कि UPI मुफ्त है या महंगा? असली सवाल यह होना चाहिए कि भारत किस तरह की भुगतान व्यवस्था चाहता है. भौतिक नोटों पर अधिक निर्भर व्यवस्था या सुरक्षित, तेज और पारदर्शी डिजिटल भुगतान के साथ संतुलित कम-नकदी वाली अर्थव्यवस्था? नोट अब भी हमारी जेब में है, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा अब नेटवर्क पर चल रहा है. यही बदलाव आने वाले भारत की आर्थिक तस्वीर को समझने की महत्वपूर्ण कुंजी है.
2000 से ज्यादा की UPI पेमेंट पर लगेगा चार्ज! सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन, जानें किस पर बढ़ेगा बोझ
- रविंद्र तिवारी, फाइनेंशियल कंसलटेंट का आलेख
