KL Rahul: भारतीय क्रिकेट में केएल राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि विदेशी पिचों पर भी उनका बल्ला खूब चलता है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में राहुल ने शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वो SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं. राहुल ने ये उपलब्धि 207 गेंदों में अपना शतक पूरा करके हासिल की. 34 साल के राहुल का ये टेस्ट क्रिकेट में 13वां शतक है. इसके साथ ही वो उन चुनिंदा एशियाई बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट सेंचुरी लगाई है. इस खास क्लब में राहुल से पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सईद अनवर, राहुल द्रविड़, यूनिस खान, कुमार संगकारा और विराट कोहली जैसे दिग्गज शामिल हैं. राहुल इस उपलब्धि को हासिल करने वाले आठवें एशियाई बल्लेबाज और पांचवें भारतीय हैं.
पाकिस्तानी प्लेयर भी शामिल
खास बात ये है कि राहुल और पाकिस्तान के पूर्व ओपनर सईद अनवर इस सूची में शामिल ऐसे दो बल्लेबाज हैं, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक ओपनर के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए बनाए हैं. राहुल इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शतक लगा चुके थे. न्यूजीलैंड में पहली टेस्ट सेंचुरी के साथ उन्होंने विदेशी मैदानों पर अपने शतकों का खास रिकॉर्ड पूरा कर लिया. उनके 13 टेस्ट शतकों में से 10 विदेशी मैदानों पर और तीन भारत में आए हैं. ये आंकड़ा बताता है कि राहुल ने घर से बाहर भी कई बार अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है.
कुछ सालों के रिकॉर्ड
अगर पिछले कुछ सालों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो राहुल का प्रदर्शन और भी खास नजर आता है. साल 2021 से टेस्ट ओपनर के तौर पर उन्होंने सात शतक लगाए हैं. इस मामले में वो बेन डकेट, यशस्वी जायसवाल और दिमुथ करुणारत्ने के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं. वहीं, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के मौजूदा चक्र में ओपनर के तौर पर उनके चार शतक हैं. इस लिस्ट में टॉम लैथम और ट्रेविस हेड भी चार-चार शतकों के साथ उनके बराबर हैं. वहीं, भारतीय ओपनर्स की बात करें तो राहुल अब टेस्ट शतकों के मामले में मुरली विजय के बराबर पहुंच गए हैं. दोनों के नाम 12-12 टेस्ट शतक हैं. इस लिस्ट में सुनील गावस्कर 33 शतकों के साथ सबसे आगे हैं, जबकि वीरेंद्र सहवाग 22 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं. गौतम गंभीर और रोहित शर्मा के नाम 9-9 शतक हैं.
देवदत्त पडिक्कल का अर्धशतक
मैच के तीसरे दिन राहुल 52 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाने उतरे थे. उनके साथ देवदत्त पडिक्कल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया. दोनों ने मिलकर भारतीय पारी को मजबूती दी. न्यूजीलैंड के पहली पारी में 368 रन बनाने के बाद भारत ने जवाबी बल्लेबाजी में अच्छी शुरुआत की. लंच तक भारत का स्कोर 239/1 था और राहुल 93 रन पर नाबाद थे. इसके बाद उन्होंने शतक पूरा कर इतिहास अपने नाम कर लिया. केएल राहुल की ये उपलब्धि विदेशी टेस्ट क्रिकेट में उनके अनुभव, धैर्य और बल्लेबाजी क्षमता का शानदार उदाहरण है.
News Source: ANI
तेजस्विन शंकर, प्रियंका गोस्वामी सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों को मिला प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार
