Delhi AQI: दिल्ली वालों की सुबह एक बार फिर प्रदूषण की चिंता के साथ हुई. राजधानी की हवा शनिवार को भी खराब बनी रही और प्रदूषण का स्तर लोगों की परेशानी बढ़ाता नजर आया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 279 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. यानी फिलहाल दिल्ली की हवा में राहत की उम्मीद थोड़ी कम ही नजर आ रही है.
इन इलाकों में हालत खराब
दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर औसत से भी ज्यादा खराब रहा. AIIMS में AQI 369 दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक में ये 365 रहा. दोनों इलाके ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गए. वहीं, वजीरपुर में 332, आनंद विहार में 327, IIT दिल्ली में 308 और बवाना में 304 AQI रिकॉर्ड किया गया. इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता भी ‘बहुत खराब’ रही. दूसरी तरफ, आरके पुरम में AQI 274, IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 242, नजफगढ़ में 236, नरेला में 245 और द्वारका सेक्टर-8 में 241 दर्ज किया गया. इन सभी इलाकों में हवा ‘खराब’ श्रेणी में रही.
CPCB के मानक
CPCB के मानकों के मुताबिक, AQI 0 से 50 तक अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है. ऐसे में दिल्ली का औसत AQI 279 होने का मतलब है कि हवा अभी भी सामान्य से काफी खराब है. हालांकि, इससे पहले 17 नवंबर को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में GRAP-3 की पाबंदियां हटा दी थीं. आयोग ने हवा की गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए ये फैसला लिया था. इसके बाद दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को सभी विद्यार्थियों के लिए ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्देश दिया गया.
दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस हफ्ते प्रदूषण नियंत्रण उपायों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की. दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में हुई बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि नवंबर में पिछले एक दशक की तुलना में कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन प्रदूषण के सभी स्रोतों पर सख्ती जारी रहेगी. मुख्यमंत्री ने नगर निगम (MCD) और लोक निर्माण विभाग (PWD) को सड़कों, फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज की सफाई तेज करने के निर्देश दिए. इसके लिए मशीनों से सफाई, पानी का छिड़काव और सड़क धुलाई पर जोर दिया गया. साथ ही निर्माण और तोड़फोड़ वाली जगहों पर ग्रीन नेट, बैरिकेडिंग और विंडब्रेकर लगाने की व्यवस्था का निरीक्षण भी तेज करने को कहा गया. फिलहाल दिल्ली की हवा में सुधार की उम्मीद बनी हुई है, लेकिन प्रदूषण का स्तर लगातार लोगों को सावधानी बरतने का संकेत दे रहा है.
News Source: ANI
22 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे नेपाल के प्रधानमंत्री, व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर रहेगा फोकस
