Bihar Accident: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद शादी का जश्न मातम में बदल गया. घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई. यह हादसा बुधवार देर रात ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर हुआ. बताया जा रहा है कि ड्राइवर का कार से नियंत्रण हट गया, जिसके कारण गाड़ी नहर में जा गिरी.
थुम्हा गांव के रहने वाले थे सभी मृतक
अररिया के एसपी ने बताया कि सूचना पर पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार में सवार सभी 7 लोगों को अररिया सदर अस्पताल ले गई, जहां 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसके परिवार वाले भी वहां पहुंच गए हैं. मृतकों की पहचान यश कुमार (16), सौरभ कुमार (15), आदित्य अमन (20), मुन्ना कुमार (22), आर्यन (15) और ड्राइवर कुंदन यादव (28) के रूप में हुई है. ये सभी सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुम्हा गांव के रहने वाले थे. पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
कार में दुल्हन पक्ष के लोग थे सवार
यह हादसा तब हुआ जब गाड़ी अररिया के सिकटी ब्लॉक स्थित भापटिया गांव से लौट रही थी. वहां दूल्हे के घर पर शादी से पहले होने वाली तिलक रस्म का कार्यक्रम था. कार में दुल्हन पक्ष के लोग सवार थे. अररिया के सिकटी इलाके के भपतियाही गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद सभी सात लोग वापस लौट रहे थे. बताया जाता है कि समारोह के चलते थके होने के कारण ड्राइवर को झपकी आ गई होगी, जिससे कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया.
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
एक जेसीबी मशीन की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया. इस घटना से पीड़ित परिवारों और गांव के लोग सदमे में हैं. शोक में गांव में चूल्हे तक नहीं जले. शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. पुलिस ने हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. अररिया के पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि घटना के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है. हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
हिमाचल में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 6 युवकों की मौत, जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे घर
News Source: ANI
