Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भीषण हादसे में छह युवकों की मौत हो गई. एक कार बेकाबू होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई. खाई में गिरने के बाद कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. यह हादसा मंगलवार देर रात तब हुआ, जब कुछ युवक पड़ोस में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे थे. सुबह तक जब वे घर नहीं पहुंचे, तो उनके परिजनों ने उन्हें खोजना शुरू कर दिया और स्थानीय पुलिस से भी मदद मांगी. इस बीच, बुधवार सुबह मोटरसाइकिल से जा रहे एक युवक ने एक कार देखी, जो दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई थी. उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी.
जोगिंदरनगर के लाडभरोल में हुआ हादसा
जानकारी मिलते ही, स्थानीय नायब तहसीलदार, SDRF की टीम और पुलिस स्टेशन के प्रभारी रणजीत कपूर अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए. उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस ने बुधवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल के लाडभरोल इलाके में एक कार बेकाबू होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे छह युवाओं की मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि हादसा कितना भयानक था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खाई में गिरने के बाद कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. ये युवा सिमास गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे. घटना के बारे में पता चलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, खाई में उतरे और शवों को बाहर निकालना शुरू किया.
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
हालांकि, जब तक पीड़ितों को बाहर निकाला गया, तब तक उन सभी की मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान आयुष राय (21) पुत्र निवासी सिमस के रूप में हुई है. अनुज कुमार (18) निवासी सिमस भी मृतकों में शामिल है. यश राय निवासी सिमस, पंकज कुमार (17) निवासी गवाला की भी मौत हुई है. अर्णव ठाकुर निवासी गवाला और आदित्य कुमार (17) निवासी दरोब भी इस हादसे का शिकार हुए.
घटना की पुष्टि करते हुए, डीएसपी पधर लोकेन्द्र नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने ने बताया कि प्रशासन ने मृतकों के प्रत्येक परिवार को 25,000 रुपये की तत्काल राहत सहायता प्रदान की है. डीएसपी (पधर) लोकेन्द्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है.
