Home Top News J&K के शोपियां में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शनः मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर

J&K के शोपियां में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शनः मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर

by Sanjay Kumar Srivastava 8 July 2026, 1:38 PM IST
8 July 2026, 1:38 PM IST
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शनः मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर ज़ाकिर

Lashkar-e-Taiba: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन लश्कर के एक कमांडर को मार गिराया. जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों के एंटी टेरर ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर मारा गया.सुरक्षा बलों ने 3 जुलाई को दक्षिण कश्मीर जिले के मीमंदर इलाके (जिसमें सात गांव आते हैं) के एक घने बाग में तलाशी अभियान शुरू किया था. SOG शोपियां ने RR और CRPF के साथ मिलकर एक जॉइंट ऑपरेशन में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया.

27 सितंबर 2023 को छोड़ा था घर

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मारे गए आतंकवादी की पहचान ज़ाकिर अहमद गनी के तौर पर हुई, जो प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का स्व घोषित कमांडर था. अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी कुलगाम ज़िले के मोटलहामा इलाके का रहने वाला गनी (26) 27 सितंबर 2023 को शटरिंग का काम करने के लिए अपने घर से डायलगाम गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. उन्होंने बताया कि परिवार वालों की ओर से तलाशी में सफलता न मिलने के बाद 3 अक्टूबर 2023 को कुलगाम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद गनी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट'(TRF) आतंकवादी संगठन में शामिल हो गया, जो लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का ही एक गुट है.

सर्विलांस कैमरों के जरिए मिली जानकारी

उन्होंने बताया कि कुलगाम पुलिस स्टेशन में ‘गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम’ (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज FIR में उसे आरोपी बनाया गया था. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सबसे पहले 3 जुलाई को मीमंदर इलाके के एक घने बाग में सर्विलांस कैमरों के ज़रिए दो आतंकवादियों को देखा था. उन्होंने बताया कि पुलिस, सेना की 55 RR और 44 RR और CRPF की एक संयुक्त टीम ने पिछले पांच दिनों से इलाके को चारों तरफ से घेरे रखा था और इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बीच-बीच में गोलीबारी भी होती रही. सेना की खास काउंटर-इंसर्जेंसी यूनिट, विक्टर फोर्स ने इलाके में रोशनी करने के साथ-साथ घने बागों के बीच से भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं.

सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी

उन्होंने बताया कि गर्मियों के महीनों में घने पेड़-पौधे प्राकृतिक आड़ देते हैं, जिससे निगरानी करना मुश्किल हो जाता है और घेरे में फंसे आतंकवादी ‘ब्लाइंड स्पॉट’ (छिपे हुए रास्तों) का फायदा उठाकर घेरा तोड़ने की कोशिश कर सकते हैं. ऐतिहासिक रूप से शोपियां दक्षिण कश्मीर को मध्य कश्मीर और पीर पंजाल रेंज से जोड़ने वाला एक अहम ट्रांजिट कॉरिडोर रहा है. गनी के अलावा घेरे में फंसे दूसरे आतंकवादी के लतीफ होने का शक है,जो पिछले साल ही इस संगठन में शामिल हुआ था. सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है. सेना के जवानों ने इलाके को चारों तरफ से घेर रखा है.

मारा गया बंगाल का बलात्कारी, 11 साल की लड़की से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?