NTPC Accident: झारखंड के चतरा में बुधवार को NTPC कोयला प्लांट में हुए भीषण हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद कोयला संयंत्र में हड़कंप मच गया. साथियों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. झारखंड के चतरा में बुधवार को NTPC कोयला प्लांट में कन्वेयर बेल्ट की ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए. हादसा चतरा में NTPC की टंडवा परियोजना की कोयला कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर 1 पर हुआ.
काम के दौरान गिरी कन्वेयर बेल्ट की ट्रॉली
चतरा के पुलिस अधीक्षक (SP) अनिमेष नैथानी ने बताया कि कन्वेयर बेल्ट की ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई है. प्लांट में काम ‘सिम्पल्स’ (Simples) नाम की एक कंपनी द्वारा किया जा रहा था. झारखंड के चतरा जिले के टंडवा में स्थित NTPC परियोजना में निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. पाइप कन्वेयर-2 के निर्माण कार्य के समय अचानक एक भारी कन्वेयर बेल्ट की ट्रॉली नीचे गिर गया. इस घटना की चपेट में पांच मजदूर आ गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस घटना के बाद परियोजना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
पाइप कन्वेयर-2 के काउंटरवेट का वजन बढ़ाने का काम चल रहा था, तभी कन्वेयर बेल्ट की ट्रॉली अचानक गिर गई. इस घटना की चपेट में वहां मौजूद पांच मजदूर आ गए. घटना के तुरंत बाद NTPC प्रबंधन ने घायलों को संजीवनी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान बिहार के रहने वाले बबलू सिंह (40), हजारीबाग के रहने वाले बालेश्वर पासवान (42) और टंडवा के रहने वाले राजू सोनू के रूप में हुई है. हादसे में घायल एक कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है.
मुआवजे के लिए अड़े साथी
उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है. वहीं, एक अन्य कर्मचारी, जिसे मामूली चोटें आई हैं, उसका इलाज एनटीपीसी संजीवनी अस्पताल में चल रहा है. इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है. वे मुआवजे की मांग करते हुए घटनास्थल पर ही डटे हुए हैं और NTPC प्रबंधन पर आरोप लगा रहे हैं. हादसे के बाद प्रोजेक्ट साइट पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. घटना के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की पर्याप्तता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं.
पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने NTPC कोयला प्लांट पर हुई दुर्घटना पर दुख जताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में उन्होंने जान गंवाने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस घटना से प्रभावित लोगों के साथ उनकी गहरी संवेदनाएं हैं. जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें. मुख्यमंत्री ने ‘मारंग बुरु’ से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति दें और इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और धैर्य प्रदान करें. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की.
झारखंड में भीषण हादसा : गड्ढे में गिरे स्कूटर सवार को बचाने जुटे लोगों को ट्रक ने कुचला, 7 की मौत
