Voter List: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को गोरखपुर जिले की आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित कर दी. जारी सूची में जिले के कुल 32 लाख 95 हजार 303 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं. अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और विवरणों में संशोधन कराने के लिए दावे एवं आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक स्वीकार की जाएंगी. वहीं, चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा.
डीएम ने की परिवार का नाम जांचने की अपील
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर यह अभियान चलाया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना है. साथ ही मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाकर सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने साथ परिवार के सभी सदस्यों का नाम भी मतदाता सूची में जरूर जांच लें.
महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक
जारी आलेख्य सूची के अनुसार गोरखपुर में कुल 32,95,303 मतदाता हैं. इनमें 17,93,315 पुरुष, 15,01,804 महिलाएं और 184 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची में 32,61,138 मतदाता थे. इस तरह नई सूची में 34,165 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 12,220 और महिला मतदाताओं की संख्या 21,952 बढ़ी है. वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 191 से घटकर 184 रह गई है. मतदाता सूची में जेंडर रेशियो 831 से बढ़कर 837 हो गया है, जबकि ईपी रेशियो 59.90 प्रतिशत से बढ़कर 60.53 प्रतिशत दर्ज किया गया है. हालांकि, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं का अनुपात 1.30 प्रतिशत से घटकर 0.85 प्रतिशत हो गया है. जिले में इस आयु वर्ग के कुल 27,986 मतदाता दर्ज हैं.
80 वर्ष से अधिक आयु के 64 हजार मतदाता
आलेख्य सूची में 8,367 सर्विस मतदाता शामिल हैं. इनमें 8,064 पुरुष और 303 महिला मतदाता हैं. इसके अलावा 27,914 विशिष्ट दिव्यांग मतदाता, 80 वर्ष से अधिक आयु के 64,195 मतदाता तथा 100 वर्ष से अधिक उम्र के 368 मतदाता पंजीकृत हैं.
चार हजार बीएलओ संभालेंगे पुनरीक्षण की जिम्मेदारी
जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 4,000 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की तैनाती की गई है. जनपद में कुल 2,078 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 4,000 मतदेय स्थल बनाए गए हैं. इनमें 291 शहरी और 1,787 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं. शहरी क्षेत्र में 1,007 और ग्रामीण क्षेत्र में 2,993 मतदेय स्थल हैं. सभी मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की भी तैनाती की गई है.
नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए भरें निर्धारित फार्म
मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए नागरिक संबंधित मतदान केंद्र पर उपलब्ध आलेख्य सूची देख सकते हैं. इसके अलावा बीएलओ से संपर्क करने, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फार्म-6क, किसी नाम पर आपत्ति या नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा पता बदलने, नाम-पते सहित अन्य विवरणों में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र बदलवाने और दिव्यांग श्रेणी में चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरना होगा. आवेदन बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं.
21 नवंबर से शुरू होंगे विशेष अभियान दिवस
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. इन चारों दिनों में सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त आवेदन प्रपत्रों के साथ मौजूद रहेंगे. नागरिक इन दिनों बूथ पर पहुंचकर अपना नाम जुड़वाने, त्रुटियों में सुधार कराने और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे.
जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है. इसलिए सभी नागरिक 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां जरूर दर्ज कराएं. राजनीतिक दलों, बूथ लेवल एजेंटों और आम मतदाताओं से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है. दावे-आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि 28 दिसंबर निर्धारित है, जबकि चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
- गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट
