Home Latest News & Updates गोरखपुर को देश के दूसरे फॉरेस्ट्री विश्वविद्यालय की सौगात, 19 नवंबर को योगी भारीवैसी में करेंगे शिलान्यास

गोरखपुर को देश के दूसरे फॉरेस्ट्री विश्वविद्यालय की सौगात, 19 नवंबर को योगी भारीवैसी में करेंगे शिलान्यास

by Rajeev Ojha 18 November 2026, 4:29 PM IST (Updated 18 November 2026, 4:33 PM IST)
18 November 2026, 4:29 PM IST (Updated 18 November 2026, 4:33 PM IST)
गोरखपुर को देश के दूसरे फॉरेस्ट्री विश्वविद्यालय की सौगात, 19 नवंबर को योगी कैंपियरगंज के भारीवैसी में करेंगे शिलान्यास

UP News: गोरखपुर केंद्रित पूर्वांचल की शैक्षणिक और विकास की यात्रा में गुरुवार (19 नवंबर) को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है. आयुष चिकित्सा-शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के प्रथम, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को उत्तर प्रदेश के पहले और देश के दूसरे ‘वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय’ (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) की बड़ी सौगात मिलने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर (गुरुवार) को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे.

50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनेगा संस्थान

करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 491 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस संस्थान की आधारशिला रखे जाने के साथ ही गोरखपुर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई को स्पर्श करेगा. इस नई उपलब्धि के बाद गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां दो विशिष्ट (यूनिक) विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे.वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास का अवसर गोरखपुर के लिए इसलिए भी अत्यंत गौरवपूर्ण है क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह जिला बीते कुछ वर्षों में उच्च शिक्षा और शोध के एक बड़े केंद्र के रूप में उभरा है.

पांच विश्वविद्यालय वाला जिला होगा गोरखपुर

अब तक जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (राज्य विश्वविद्यालय), मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (राज्य प्राविधिक विश्वविद्यालय), महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय (निजी क्षेत्र) और प्रदेश का पहला महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय (चिकित्सा की पारंपरिक पद्धतियों को समर्पित) मौजूद है. अब वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही गोरखपुर के खाते में पांचवां विश्वविद्यालय जुड़ जाएगा. इनमें आयुष विश्वविद्यालय और वानिकी विश्वविद्यालय अपनी विशिष्ट कार्यप्रणाली और पाठ्यक्रमों के कारण पूरे प्रदेश में अनूठे हैं. आयुष विश्वविद्यालय के बाद वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना गोरखपुर को न केवल ‘नॉलेज कैपिटल’ के रूप में स्थापित करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश को देश में अग्रणी भूमिका में ला खड़ा करेगी.

निर्माण में खर्च होंगे 491 करोड़

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार कैंपियरगंज के भारीवैसी क्षेत्र में प्रस्तावित वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अत्यंत भव्य और आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा. परियोजना के लिए 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) भूमि चिह्नित की गई है, जिस पर विश्वविद्यालय बनाने में 491 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी. इस विश्वविद्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, उद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना है. यह संस्थान न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे उत्तर भारत के विद्यार्थियों के लिए वन विज्ञान और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में करियर बनाने के नए द्वार खोलेगा. यह संस्थान प्रदेश में अपनी तरह का पहला प्रमुख केंद्र बनेगा.

पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित

प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के मुताबिक गोरखपुर में स्थापित होने वाले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी सहित कई आधुनिक विषयों में स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी) और पीएचडी के साथ ही डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे. वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाना भी प्रस्तावित है.

39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी

वानिकी विश्वविद्यालय में एक प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार, 895 विद्यार्थियों हेतु छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह एवं अन्य आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं को विकसित किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (19 नवंबर) को गोरखपुर के कैम्पियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ ही 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 विकास परियोजनाओं शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे. वह 491 करोड़ की फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी सहित 621.05 करोड़ की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही उनके हाथों 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी होगा.

पंजाब सरकार का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान : ‘पंजाब दा करोड़पति’ के विजेता को मिलेंगे 1 करोड़

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?