DA Hike 2026: केंद्र सरकार होली से पहले आपके महंगाई भत्ते यानी डीए (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. यहां पढ़ें DA और 8वें वेतन आयोग को लेकर अपडेट.
19 February, 2026
केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशन पाने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है. केंद्र सरकार होली से पहले आपके महंगाई भत्ते यानी डीए (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. डीए में बढ़ोतरी के बाद आपकी सैलरी में उछाल आएगा और पेंशनर्स को भी बढ़कर पेंशन मिलेगी. होली से पहले डीए बढ़ने की उम्मीद इसलिए लगाई जा रही है, क्योंकि केंद्र सरकार साल में दो बार महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान करती है और साल की पहली बढ़ोतरी मार्च के महीने में ही की जाती है.इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि होली से पहले सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा मिल सकता है.

कितना बढ़ सकता है डीए
दिसंबर में श्रम मंत्रालय के ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स का आंकड़ा 148.2 पर था. इसको देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि सरकार 5 प्रतिशत डीए को बढ़ा सकती है, जिससे यह बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा. बता दें, पिछले साल सरकार ने डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद महंगाई भत्ता बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया था.
8वें वेतन आयोग पर आया अपडेट
8वें वेतन आयोग की बात करें तो, यह 1 जनवरी 2026 से कागजों पर लागू हो गया था, लेकिन इसका फायदा अभी सैलरी में नहीं मिलेगा. इसके लिए आयोग का गठन हो चुका है और दफ्तर भी स्थापित हो गया है. आयोग ने अपना काम शुरू कर दिया है. आयोग पहले अपनी सिफारिशों को तैयार करके सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजेगा और इसमें लंबा समय लगग सकता है यानी कर्मचारियों को इंतजार करना पड़ेगा. जब तक 8वां वेतन आयोग पूरी तरह से लागू नहीं होगा, तब तक 7वें वेतन आयोग के नियम ही लागू रहेंगे.
वेबसाइट लॉन्च

सरकार ने 8वें पे कमीशन के लिए ऑफिशियल वेबसाइट www.8cpc.gov.in लॉन्च कर दी है. मिनिस्ट्री, डिपार्टमेंट, कर्मचारी और पेंशनर यहां अपने सुझाव और राय दे सकते हैं. सरकार का कहना है कि इससे प्रोसेस ट्रांसपेरेंट होगा. फिलहाल, सबकी निगाहें मार्च में होने वाली DA बढ़ोतरी पर हैं, जबकि 8वें पे कमीशन का पूरा फायदा मिलने में कुछ समय लग सकता है. हालांकि 8वें वेतन आयोग को लेकर कई अफवाहें भी फैलाई जा रही हैं और सैलरी कैलकुलेट करने का झांसा देकर पैसे ऐंठे जा रहे हैं, इसलिए आपको किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और अपनी जरूरी जानकारी किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहिए.
यह भी पढ़ें- प्रोफिट बुकिंग ने किया इन्वेस्टर्स को टॉर्चर, Sensex-Nifty की तेजी पर लगा ब्रेक; कच्चे तेल ने बिगाड़ा खेल
