Home मनोरंजन रंगों की फुहार और Bollywood का खुमार, होली पर इन 10 गानों के बिना फीका रहेगा आपका त्योहार

रंगों की फुहार और Bollywood का खुमार, होली पर इन 10 गानों के बिना फीका रहेगा आपका त्योहार

by Preeti Pal
0 comment
रंगों की फुहार और Bollywood का खुमार, होली पर इन 10 गानों के बिना फीका रहेगा आपका त्योहार

Introduction

02 March, 2026

Bollywood Songs for holi: ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे…’ अगर इस एक लाइन को पढ़ते ही आपके पैर थिरकने लगे हैं और मन में ठंडाई की मिठास घुल गई है, तो समझ जाइए कि साल का वो सबसे खास त्योहार आ गया है जिसे हम होली कहते हैं! वैसे भी, भारत में होली सिर्फ एक त्योहार नहीं है, बल्कि ये रंगों, हंसी, ठिठोली और म्यूज़िक का एक ऐसा महाकुंभ है जो हर किसी को एक ही रंग में रंग देता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर हमारी होली से बॉलीवुड के ये गाने निकाल दिए जाएं, तो क्या गुलाल में वो चमक और गुझिया में वो स्वाद रह जाएगा? तो जवाब है बिल्कुल नहीं! बॉलीवुड गानों के बिना होली सेलिब्रेशन को इमेजिन करना नामुमकिन है. चाहे दोस्तों के साथ हुड़दंग मचाना हो या परिवार के साथ क्लासिक धुनों पर थिरकना, बॉलीवुड ने हमें हर मूड के लिए एक गाना दिया है. ये कहना गलत नहीं है कि बॉलीवुड और होली का रिश्ता उतना ही पुराना है जितना कि सिनेमा खुद. यही वजह है कि आज हम बॉलीवुड के उन खूबसूरत और क्लासिक गानों की लिस्ट लेकर आए हैं, जिन्होंने दशकों से हमारी होली को यादगार बनाया है.

Table of Content

  • रंग बरसे – सिलसिला
  • बलम पिचकारी – ये जवानी है दीवानी
  • होली के दिन – शोले
  • जय जय शिवशंकर – वॉर
  • लेट्स प्ले होली – वक्त
  • सोनी सोनी – मोहब्बतें
  • बद्री की दुल्हनिया – बद्रीनाथ की दुल्हनिया
  • गो पागल – जॉली एलएलबी 2
  • होली खेले रघुवीरा – बागबान
  • जोगी जी वाह- नदिया के पार

रंग बरसे – सिलसिला

साल 1981 में रिलीज़ हुई फिल्म सिलसिका का गाना रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे, होली में सबसे ज्यादा बजने वाला सॉन्ग है. खास बात ये है कि इसे अमिताभ बच्चन ने ही गाया है और उनके पिता हरिवंश राज बच्चन ने इसके बोल लिखे हैं. इस कल्स गाने में अमिताभ, जया बच्चन, रेखा और संजीव कुमार ने ऐसा रंग जमाया कि, दशकों बाद भी ये लोगों का फेवरेट बना हुआ है. वैसे भी जब भी होली की बात आती है, सबसे पहला नाम ‘रंग बरसे’ का ही आता है. ये गाना सिर्फ एक फिल्मी गीत नहीं, बल्कि होली का एंथम बन चुका है. इसकी धुन ब्रज के एक ट्रेडिशनल लोकगीत से इंस्पायर है. अमिताभ बच्चन की भारी और नशीली आवाज ने इस गाने में जो जान फूंकी है, उसका मुकाबला आज भी कोई नहीं कर सकता. ये गाना होली की मस्ती, थोड़ी बहुत छेड़छाड़ और समाज की पाबंदियों को तोड़कर रंगों में डूब जाने की कहानी कहता है. चाहे आप घर की छत पर हों या किसी बड़े रिजॉर्ट की पार्टी में, इस गाने के बिना होली की दोपहर पूरी नहीं होती.

बलम पिचकारी – ये जवानी है दीवानी

अगर ‘रंग बरसे’ क्लासिक है, तो ‘बलम पिचकारी’ मॉर्डन होली सॉन्ग है. फेमस म्यूज़िक कंपोज़र प्रीतम ने इस गाने में ट्रेडिशनल देसी टच के साथ इलेक्ट्रॉनिक डांस बीट्स का ऐसा तड़का लगाया कि ये गाना रातों-रात चार्टबस्टर बन गया. साल 2013 में रिलीज़ हुई फिल्म ये जवानी है दीवानी का ये गाना तभी से होली हिट्स में टॉप पर बना हुआ है. फिल्म में यही गाना एक टर्निंग पॉइंट है जहां रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के कैरेक्टर्स के बीच प्यार पनपने लगता है. इसका हुक-स्टेप्स इतना आसान और मजेदार हैं कि बच्चा हो या बूढ़ा, हर कोई इसे सुनते ही नाचने लगता है. वैसे, गाने को शाल्मली खोलगड़े, विशाल ददलानी ने अपनी आवाज़ दी है और बोल दिखे हैं अमिताभ भट्टाचार्य ने.

यह भी पढ़ेंःहोली के बाद नहीं दिखना एलियन तो पहलें ही स्किन को कर लें तैयार, ये टिप्स फॉलो करने से जल्दी छूट जाएगा रंग

होली के दिन – शोले

आर.डी. बर्मन यानी पंचम दा म्यूज़िक के उन जादूगरों में से थे जो म्यूज़िक को ग्लोबल लेवल का बना देते थे. ‘होली के दिन’ की शुरुआत एक दमदार ढोल की थाप से होती है जो सीधे दिल में उतरती है. 1975 में रिलीज़ हुई कल्ट फिल्म का क्लासिक गाना ‘होली के दिन’ कुछ ऐसा ही है. ये गाना रोमांस से ज्यादा पब्लिक सेलिब्रेशन की बात करता है. गब्बर के डर के बीच रामगढ़ के लोगों का ये जश्न दिखाता है कि कैसे त्योहार सारे गम भुलाकर जीने की ताकत देते हैं. किशोर दा और लता मंगेशकर की जुगलबंदी ने इसे एक ऐसी ताजगी दी है जो इतने सालों बाद भी पुरानी नहीं लगती.

जय जय शिवशंकर – वॉर

जब स्क्रीन पर बॉलीवुड के दो सबसे बेहतरीन डांसर यानी ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ एक साथ हों, तो गाना अपने आप में सुपरहिट हो ही जाता है. साल 2019 में रिलीज़ हुई सुपरहिट फिल्म वॉर का गाना ‘जय जय शिवशंकर’ एक हाई-वोल्टेज होली ट्रैक है. विशाल ददलानी और बेनी दयाल की आवाज़ में गाया हुआ ये गाना एक होली डांस एंथम है. गाने की कोरियोग्राफी इसे एक विजुअल ट्रीट बनाती है. अगर आप जिम के शौकीन हैं या आपको फास्ट म्यूजिक पसंद है, तो आपकी होली प्लेलिस्ट इस गाने के बिना अधूरी है. भले ही आप डांस में टाइगर और ऋतिक को टक्कर ना दे पाएं, लेकिन इस गाने के साथ अपनी होली का आनंद जरूर उठा सकते हैं.

लेट्स प्ले होली – वक्त

साल 2005 में रिलीज़ हुई अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म वक्त का गाना डू मी ए फेवर, लेट्स प्ले होली भी इस लिस्ट में शामिल है. ये गाना अपने बोल्ड और प्लेफुल अंदाज के लिए फेमस है. अनु मलिक की कैची ट्यून और सुनिधि चौहान की एनर्जेटिक आवाज ने इसे एक कल्ट क्लासिक होली सॉन्ग बना दिया है. ये गाना ट्रेडिशनल ढोल के बजाय सिंथेसाइज़र और पॉप बीट्स पर ज्यादा फोकस करता है. कॉलेज फेस्ट हो या दोस्तों का गेट-टुगेदर, अक्षय और प्रियंका का ये सुपरहिट होली गाना सेलिब्रेशन को और खास बना देता है. वैसे, इस कॉमेडी फिल्म में अमिताभ बच्चन, राजपाल यादव और बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी हैं.

सोनी सोनी – मोहब्बतें

जतिन-ललित की जोड़ी ने शाहरुख खान के गाने सोनी सोनी में मेलोडी और ताल का बहुत ही बेहतरीन तालमेल बिठाया है. साल 2000 में रिलीज़ हुई फिल्म मोहब्बतें का ये गाना आज भी होली पार्टी की शान बना रहता है. शाहरुख खान का वो ‘लवर बॉय’ वाला अंदाज और ऐश्वर्या राय की खूबसूरती इस गाने को खास बनाती है. ये गाना उन लोगों के लिए है जो होली को प्यार का इजहार करने का मौका मानते हैं. इसके लिरिक्स बहुत ही सिंपल और दिल को छू लेने वाले हैं, जो फैमिली के साथ होली मनाने के लिए इसे परफेक्ट बनाते हैं. उदित नारायण और जसविंदर नरूला की आवाज़ में गाए इस गाने को जतिन ललित ने कंपोज़ किया है. वैसे, इस गाने में शाहरुख, ऐश्वर्या के अलावा अर्चना पूरण सिंह, उदय चोपड़ा, शमिता शेट्टी, अनुपम खेर, प्रीति झिंगियानी, जिमि शेरगिल, जुगल हंसराज और किम शर्मा भी हैं.

यह भी पढ़ेंः‘बुरा न मानों होली है’, ये Funny Message भेजकर अपने दोस्तों को करें Holi Wish, चेहरे पर आएगी Smile

बद्री की दुल्हनिया – बद्रीनाथ की दुल्हनिया

आलिया भट्ट और वरुण धवन की फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया का गाना बद्री की दुल्हनिया फैंस की फेवरेट होली प्लेलिस्ट में हमेशा शामिल रहता है. साल 2017 में आया ये हिट सॉन्ग नॉर्थ इंडियन लोक म्यूज़िक और मॉर्डन रैप का खूबसूरत कॉम्बिनेशन है. इसमें जो एनर्जी है, वो आपको थकान के बावजूद नाचने पर मजबूर कर देती है. वरुण धवन और आलिया भट्ट की केमिस्ट्री ने इसे हर शादी और होली पार्टी का हिस्सा बना दिया है.

गो पागल – जॉली एलएलबी 2

अक्षय कुमार और हुमा कुरैशी की फिल्म जॉली एलएलबी का गाना गो पागल भी इस लिस्ट का हिस्सा है. अगर आपको होली के हुडदंग को बेपरवाही से सेलिब्रेट करना है, तो ये गाना बेस्ट रहता है. वैसे, अक्षय की ये फिल्म जितनी सीरियस थी, इसका ये गाना उतना ही क्रेजी है. रफ़्तार के रैप ने इसमें एक नई जान डाली. ये गाना उन लोगों के लिए है जो होली के दिन सच में ‘पागल’ होकर मस्ती करना चाहते हैं.

होली खेले रघुवीरा – बागबान

अमिताभ बच्चन ने होली के गानों में अपनी ऐसी छाप छोड़ी है कि, उनकी बराबरी करना मुश्किल है. साल 2003 में रिलीज़ हुई फिल्म बागबान का गाना होली खेले रघुवीरा भी होली के हिट्स में हमेशा शामिल रहता है. ये गाना अवधी और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत का बहुत ही खूबसूरत नमूना है.

यह भी पढ़ेंःबरसाना की लठमार या पुष्कर की फुहार, India के वो 5 ठिकाने जहां की Holi से हो जाएगा आपको प्यार

जोगी जी वाह- नदिया के पार

साल1982 में रिलीज हुई फिल्म ‘नदिया के पार’ का सुपरहिट गाना जोगी जी वाह के बिना कोई भी होली पार्टी पूरी नहीं होती. इस फिल्म में एक्टर सचिन पिलगांवकर और सविता बजाज लीड रोल में हैं. होली की थीम पर बना ये गाना 43 साल पुराना होकर भी एकदम ताज़ा लगता है. जसपाल सिंह, हेमलता और चंद्रानी मुखर्जी ने इसे अपनी आवाज़ दी है.

Conclusion

बॉलीवुड में होली सिर्फ अच्छे गानों और खाने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कई बड़ी फिल्मों की कहानी इसी त्योहार के इर्द-गिर्द बुनी गई हैं. ‘सिलसिला’ में होली का ही वो मौका था जब छिपे हुए सच सामने आते हैं. ‘कटी पतंग’ का ‘आज ना छोड़ेंगे’ गाना दूरी और मिलन की एक अलग कहानी कहता है. यानी बॉलीवुड ने होली को हमेशा एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में इस्तेमाल किया है जहां सारे बंधन टूट जाते हैं और केवल इमोशन बचते हैं. बच्चे होली का सबसे ज्यादा आनंद लेते हैं. उनके लिए कल्ट फिल्म मदर इंडिया का “होली आई रे कन्हाई” या “लकड़ी की काठी” जैसा गाने हमेशा सुपरहिट रहते हैं. बच्चों को इन गानों के जरिए हम अपने ट्रेडिशन और संगीत की विरासत से जोड़ सकते हैं. आजकल बच्चों के लिए भी अलग से होली पार्टियां होती हैं. इनमें भी ‘जय जय शिवशंकर’ जैसे फास्ट ट्रैक बच्चों के पसंदीदा बन गए हैं. ऐसे में आप भी होली पर अपना फेवरेट गाना प्ले कीजिए और त्योहार का पूजा लुत्फ उठाइए.

यह भी पढ़ेंः सिर्फ आग जलाना ही नहीं, बल्कि बुराई को राख करने का दिन है होलिका दहन, जानें इसके पीछे का असली लॉजिक

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?