Asha Bhosle Lata Mangeshkar: आशा भोसले और लता मंगेशकर के रिश्ते में सालों तक दरार पड़ी रही, जिससे उनके करियर पर भी असर पड़ा. चलिए जानते हैं शुरू से लेकर अंत तक दोनों बहनों के रिश्ते कैसे थे.
13 April, 2026
लेजेंड्री सिंगर आशा भोसले ने 92 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. 12 अप्रैल यानी बीते रविवार को मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में उनका निधन हो गया. वे लंबे समय से चेस्ट इन्फेक्शन से पीड़ित थीं. उनके जाने से पूरी इंडस्ट्री में मातम छाया है. आज शाम को 4 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा. आशा भोसले दिवंगत सिंगर लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं, लेकिन उनके रिश्ते आम बहनों की तरह नहीं रहे. आशा भोसले और लता मंगेशकर के रिश्ते में सालों तक दरार पड़ी रही. इसका मुख्य कारण था आशा भोसले का घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर लता मंगेशकर के सेक्रेटरी से भागकर शादी करना. चलिए जानते हैं शुरू से लेकर अंत तक दोनों बहनों के रिश्ते कैसे थे.

बड़ी बहन के सेकेट्ररी से हुआ प्यार
लता मंगेशकर ने 14 साल की उम्र में अपने घर की जिम्मेदारी संभाल ली थी, जब उनके पिता का निधन हो गया था. वहीं दूसरी तरफ आशा ने घर से बगावत का रास्ता चुन लिया. आशा भोसले को लता मंगेशकर के सेक्रेटरी गणपतराव भोसले से प्यार हो गया और उन्होंने घर से भागकर शादी कर ली. उस समय आशा भोसले की उम्र महज 16 साल थी और गणपतराव 31 साल के थे. इसके बाद लता मंगेशकर ने आशा भोसले से सारे रिश्ते तोड़ लिए. आशा भोसले के इस फैसले ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी थी.
लता मंगेशकर ने दिया सहारा
आशा भोसले को शादी के बाद कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. गणपतराव उन्हें मारता था और काम करने से मना करता था. तीसरी प्रेग्नेंसी के दौरान आशा भोसले ने अपने पति का घर छोड़ दिया और वापस अपने परिवार के पास गईं. तब लता मंगेशकर ने उन्हें सहारा दिया और स्वीकार कर लिया. हालांकि लता जी ने लंबे समय तक उनसे बात नहीं की. इसके बाद आशा भोसले ने आरडी बर्मन से शादी की.

लता मंगेशकर के कारण करना पड़ा संघर्ष
अपना करियर बनाने में आशा भोसले को संघर्ष करना पड़ा. जब आशा भोसले ने इंडस्ट्री में कदम रखा, तब तक लता मंगेशकर सभी के लिए पहली पसंद बन चुकी थीं. लता मंगेशकर सॉफ्ट गाने गाया करती थीं, लेकिन आशा जी ने अपना अलग स्टाइल चुना. एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद कहा था कि इंडस्ट्री में बड़ी बहन लता मंगेशकर के दबदबे के कारण उन्हें अपनी अलग पहचान बनाने में ज्यादा संघर्ष करना पड़ा. उन्होंने शुरुआत में ज्यादातर बोल्ड गाने गाए. शुरुआत में उन्हें काम मिलने में परेशानी हुई, लेकिन आरडी बर्मन और उनकी कैमिस्ट्री ने उन्हें हिट बना दिया. उन्होंने ‘पिया तू अब तो आजा’ और ‘दम मारो दम’ जैसे गाने गाए.
एक-दूसरे की तरीफ करती थीं दोनों बहनें

समय के साथ, लता मंगेशकर और आशा भोसले के रिश्ते में आई दरार को उनके प्यार और समझ ने भर दिया. उन्होंने बताया था कि दोनों बहने घंटो फोन पर बात करती थीं और बचपन को याद करती थीं. उन्होंने एक-दूसरे टैलेंट को कई बार सराहा है. लता जी हमेशा आशा जी की वर्सेटिलिटी की तारीफ करती थीं, और आशा जी हमेशा लता जी को “संगीत की रानी” और अपनी बड़ी बहन के तौर पर सम्मान देती थीं. जब भी उन दोनों में से किसी की कोई तबीयत खराब होती, तो वे एक-दूसरे के घर जाया करती थीं. लता मंगेशकर के आखिरी दिनों में, आशा जी लगातार हॉस्पिटल में उनके साथ थीं.
यह भी पढ़ें- जानें आशा भोसले ने क्यों बोला था मैं आखिरी ‘मुगल’ हूं, फिर छूटते चले गए एक-एक कर सभी साथी
News Source: PTI
