Wedding Jewellery: अगर आप सोच रहे हैं कि जूलरी पर सिर्फ लड़कियों का हक है, तो आप गलत हैं. आज के टाइम में सिर्फ दुल्हन ही नहीं बल्कि बेस्ट लुक के लिए दूल्हे भी जूलरी पर पूरा फोकस कर रहे हैं.
05 March, 2026
आजकल की शादियां सिर्फ रस्मों-रिवाज तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि ये एक ग्रेंड फैशन शो बन चुकी हैं।.लंबे टाइम तक माना जाता था कि वेडिंग जूलरी की सारी चमक-धमक सिर्फ दुल्हनों के लिए है, लेकिन अब वक्त बदल चुका है. अब दूल्हे भी अपनी शादी के दिन सिर से पांव तक गहनों में सजे नजर आ रहे हैं. हाल ही में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी ने लड़कों के लिए वेडिंग जूलरी का एक नया टारगेट सेट कर दिया है. उदयपुर में हुई अपनी तेलुगु वेडिंग में विजय ने शानदार टेंपल जूलरी पहनी थी. उन्होंने कासु माला, लंबा हार, बाजूबंद, कान की बालियां और अपनी धोती पर एक चौड़ा कमरबंद पहनकर ये साबित कर दिया कि गहने सिर्फ महिलाओं की जागीर नहीं हैं.

दूल्हों की चमक
आमतौर पर दूल्हे के गहनों का मतलब सिर्फ सोने की अंगूठी या मोतियों की माला होती थी. लेकिन अब ट्रेंड बदल रहा है. आपको साल 2022 की आलिया-रणबीर की शादी याद होगी, जहां रणबीर कपूर के कान के एक डायमंड स्टड ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. वहीं, रणवीर सिंह ने इटली के लेक कोमो में हुई अपनी शादी में दीपिका पादुकोण के साथ कदम से कदम मिलाते हुए जड़ाऊ नेकपीस और रूबी हार पहनकर मेन्स फैशन को एक नए लेवल पर पहुंचा दिया था.
यह भी पढ़ेंःइस बार इफ्तार पार्टी में बिखेरें अपना जलवा, इन 6 Pakistani सूट के साथ दिखें सबसे अलग

लेयरिंग का खेल
जूलरी की दुनिया में लेयरिंग अब सिर्फ ब्राइड्स के लिए नहीं है. दूल्हे अब चोकर के साथ लंबे हार और रानी हार स्टाइल कर रहे हैं. अगर आप अपनी शेरवानी के साथ कुछ अलग करना चाहते हैं, तो मूनस्टोन, पन्ना या रूबी माला को पोल्की चोकर के साथ पहनें. सही कलर यानी कलर ब्लॉकिंग आपके लुक को कई गुना शानदार बना सकती है. इस तरह की जूलरी न सिर्फ आपको एक शाही लुक देती है, बल्कि आपको भीड़ से अलग भी खड़ा करती है.

कमरबंद और ब्रोच
जड़ाऊ कमरबंद इन दिनों काफी ट्रेंड में है. आप सिर्फ धोती के साथ ही नहीं बल्कि शेरवानी पर भी इसे कैरी कर सकते हैं. इस जूलरी पीस की सबसे अच्छी बात ये है कि शादी के बाद इसे हार की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं, ब्रोच की बात करें तो आज इनमें ढेरों वैरायटी मिल जाएंगी. एनिमल मोटिफ्स, फ्लोरल डिजाइन वाले ब्रोच न्यूट्रल शेड की शेरवानी पर बहुत जचते हैं.

कस्टमाइज्ड अंगूठियां
अब घड़ी के बारे में सोचना छोड़िए और कड़ों के बारे में सोचिए. सोने और कीमती स्टोन से बने कड़े आपके हाथों को रॉयल लुक देते हैं. इसके साथ ही, स्टेटमेंट रिंग फिर से ट्रेंड में आ चुकी हैं. अपने परिवार की विरासत या अपने नाम के शुरुआती अक्षर की अंगूठी आपको एक अलग पहचान देती है. ये एक ऐसा गहना है जो ताउम्र आपके साथ रहता है.

सरपेच और कलगी
दूल्हे के साफे या पगड़ी पर सजी कलगी या सरपेच के बिना शादी का लुक अधूरा ही रहता है. ये न सिर्फ आपको महाराजा जैसा फील कराती है, बल्कि इसे आने वाली पीढ़ियों को एक विरासत के रूप में भी सौंपा जा सकता है. अनकट डायमंड और पन्नों से जड़ी कलगी को बाद में ब्रोच की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
यह भी पढ़ेंः Rashmika Mandana से Deepika Padukone तक, Celebrity Wedding में लौट आया ट्रेडिशन जूलरी का स्वैग
