Nitish Kumar: सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर ऐलान किया है कि वे अब राज्यसभा सांसद बनना चाहते हैं. उन्होंने एक्स पर खुद इस बात का ऐलान किया है.
5 March, 2026
बिहार में 10 बार मुख्यमंत्री बनने के बाद अब नीतीश कुमार अपनी कुर्सी छोड़ना चाहते हैं. नीतीश कुमार ने खुद ऐलान किया है कि अब राज्यसभा जाना चाहते हैं. आज नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे. नीतीश कुमार ने दो दशक तक बिहार पर राज किया, लेकिन अब बिहार में नीतीश युग का अंत हो गया है. इस खबर से पूरे बिहार में हलचल है. जेडीयू के कार्यकर्ता इस फैसले से नाराज हैं और सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से पूरे बिहार का राजनीतिक समीकरण बदल जाएगा.
नीतीश ने खुद किया ऐलान
नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, “पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है. आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है. इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है. संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं. मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा.”
पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) March 5, 2026
कार्यकर्ता नाराज
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जेडीयू के समर्थक नाराज हैं. कार्यकर्ता सीएम आवास के बाहर इकट्ठा होकर इसका विरोध कर रहे हैं. कार्यकर्ता नीतीश के राज्यसभा जाने को साजिश बता रहे हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर यह फैसला पहले हो गया होता तो वे भी चुनाव में अपनी राह खुद तय करते. उनका यह भी कहना है कि NDA को नीतीश कुमार के चेहरे पर जनादेश मिला था, लेकिन आज उस जनादेश का अपमान किया जा रहा है. नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने से राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले उनके कार्यकाल का अंत हो जाएगा.
अगला सीएम कौन
2025 के विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ NDA को भारी जीत दिलाने के बाद कुमार सीएम पद छोड़ रहे हैं, ऐसे में किसी BJP नेता के शीर्ष पद पर आसीन होने की उम्मीद है. अब अगर ऐसा होता है, तो बिहार को अपना पहला BJP मुख्यमंत्री मिलेगा. नया सीएम बनने से बिहार सरकार का पूरा समीकरण बदल जाएगा. अगले सीएम के तौर पर सम्राट चौधरी समेत कई नामों पर चर्चा हो रही है, वहीं नीतीश के बेटे निशांत को डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना है. हालांकि कुछ भी स्पष्ट नहीं है और पार्टी के औपचारिक बयान का इंतजार है. आज निशांत कुमार जेडीयू की सदस्यता लेंगे.
10 बार नीतीश सरकार
नीतीश कुमार कुल 10 बार बिहार में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. पहली बार साल 2000 में वे कुछ दिनों के लिए सीएम की कुर्सी पर बैठे थे. लेकिन बहुमत साबित न करने पर उनकी सरकार गिर गई. इसके बाद वे 2005 में सीएम बने थे. तीसरी बार 2010 में वे सीएम बने. वे 2010 से 2014 तक सीएम बने रहे. साल 2015 में जीतन राम मांझी के इस्तीफे के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए फिर से थपथ ली. इसके बाद 2015 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने महागठबंधन के साथ जीत हासिल की और पांचवी बार सीएम पद की शपथ ली. 2017 में छठी बार, 2020 में सातवीं बार, 2022 में आठवीं बार, 2024 में नौवी बार और साल 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद दसवीं बार सीएम पद की शपथ ली.
News Source: PTI
यह भी पढ़ें- बिहार में बवाल! राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन कर करेंगे नीतीश कुमार, नाराज कार्यकर्ता ने CM हाउस को घेरा
