3 March 2024
देश में जल्द ही लोकसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसको लेकर सभी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी बीच आज बिहार की राजधानी पटना में विपक्षी गठबंधन इंडिया अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगा। इसके लिए पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन की जनविश्वास महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में RJD, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंकेंगी।
एक मंच पर दिखेगा ‘इंडिया अलायंस’
जनविश्वास महारैली में RJD सुप्रीमो लालू यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह, CPIML राष्ट्रीय महासचिव दीपाकंर भट्टाचार्य, वाम दल से सीताराम येचुरी, डी राजा, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता मौजूद रह सकते हैं।
केंद्र सरकार को घेरेगा महागठबंधन
रैली के दौरान महागठबंधन लोकसभा चुनाव को लेकर अपना एजेंडा जनता के सामने रखेगा। इस रैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम दिग्गज नेता केंद्र सरकार को घेरेंगे। साथ ही सरकार की नाकामियों को भी जोर शोर से उठाएंगे। विपक्ष की जनविश्वास महारैली को लेकर देश के कोने-कोने से आरजेडी के कार्यकर्ता पटना पहुंच रहे हैं।
वहीं रैली को लेकर RJD नेता तेजस्वी यादव देर रात तक एक्टिव दिखे। तेजस्वी यादव ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि रात के 4 बजे हैं। आज की रैली को लेकर रात में जगह-जगह ठहरे समर्थकों और प्रेमियों से मिलकर लौटा हूं। जन विश्वास महारैली को लेकर लोगों में गजब का उत्साह है। बिहार अब नौकरी, बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी, शिक्षा-स्वास्थ्य, विकास-निवेश जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बात करेगा। डबल इंजन सरकार को बिहार ने 39 सांसद दिए, बिहार को क्या मिला? बिहार को जवाब चाहिए।
ये भी पढ़ें – भारत का भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ चैनल – ब्रेकिंग और ट्रेंडिंग अपडेट्स तुरंत पाएं
