Home Latest News & Updates दिल्ली की हवा फिर हुई खराब! ये है सबसे प्रदूषित इलाका; अब गाड़ियों पर लग सकती है नई पाबंदी

दिल्ली की हवा फिर हुई खराब! ये है सबसे प्रदूषित इलाका; अब गाड़ियों पर लग सकती है नई पाबंदी

by Preeti Pal 24 November 2026, 10:07 AM IST
24 November 2026, 10:07 AM IST
दिल्ली की हवा फिर हुई खराब! ये है सबसे प्रदूषित इलाका; अब गाड़ियों पर लग सकती है नई पाबंदी

Delhi AQI Today: दिल्ली वालों की सुबह एक बार फिर प्रदूषण की चिंता के साथ हुई. राजधानी की हवा मंगलवार को भी खराब श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 238 दर्ज किया गया. यानी फिलहाल दिल्ली की हवा में राहत कम और प्रदूषण का असर ज्यादा है. सबसे ज्यादा परेशानी पंजाबी बाग के लोगों को हो सकती है, क्योंकि यहां AQI 271 दर्ज किया गया. ये दिल्ली के निगरानी केंद्रों में सबसे ज्यादा रहा. वहीं, चांदनी चौक 263 के साथ दूसरे नंबर पर रहा. बवाना में AQI 255 और विवेक विहार में 245 रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा वजीरपुर में 235, सोनिया विहार में 234 और रोहिणी में 232 AQI रहा. उत्तम नगर में ये 223, नरेला में 221, अलीपुर में 219 और अशोक विहार में 206 दर्ज किया गया. ये सभी इलाके खराब श्रेणी में शामिल हैं.

इन इलाकों में थोड़ी राहत

पूरी दिल्ली में प्रदूषण का असर एक जैसा नहीं है. कुछ जगहों पर हवा की स्थिति थोड़ी बेहतर रही. आनंद विहार में AQI 199, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 197, IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 183 और वसुंधरा एन्क्लेव में 181 दर्ज किया गया. ये सभी इलाके मध्यम श्रेणी में रहे. CPCB के नियमों के मुताबिक, 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है.

दिल्ली की हवा फिर खराब, AQI 249 पर पहुंचा; ये जगह सबसे प्रदूषित इलाकों में शामिल

इन गाड़ियों को ही मिलेगी इजाजत!

दिल्ली की खराब हवा के बीच सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं. सोमवार को प्रदूषण से जुड़ी सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में सिर्फ BS-VI उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाले वाहनों को अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर ये नियम पूरे NCR में भी लागू हो सकता है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने जरूरी सामान की सप्लाई को लेकर भी एक विकल्प सुझाया. कोर्ट के मुताबिक, दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जा सकते हैं. वहां बड़े ट्रकों से सामान उतारने के बाद उसे छोटी बैटरी से चलने वाली या प्रदूषण न फैलाने वाली गाड़ियों के जरिए शहर के अंदर पहुंचाया जा सकता है.

प्रशासन भी अलर्ट

इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-NCR और आसपास के जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इसमें सर्दियों के दौरान प्रदूषण कम करने के उपायों और जिला कार्ययोजना 2027 पर चर्चा हुई. प्रदूषण कम करने के लक्ष्य पूरे हों, इसके लिए अधिकारियों को सीधे जिम्मेदारी भी सौंपी गई है. अब देखना होगा कि प्रशासन के ये कदम दिल्ली की हवा को कितना साफ कर पाते हैं. फिलहाल लोगों को सलाह है कि बाहर निकलते समय प्रदूषण के स्तर पर नजर रखें. साथ ही खराब हवा में बेवजह खुले में ज्यादा देर रहने से बचें.

News Source: ANI

Dhruv Rathee की मुश्किलें बढ़ीं, 8 साल पुराने केस में दिल्ली कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?