Kannauj Accident: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 24 छात्रों सहित 32 लोग घायल हो गए. हादसा होते ही घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. हादसा कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ. दुर्घटना के बाद लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खत्म कराया.
आगरा और मथुरा की यात्रा पर गए थे बच्चे
कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कूल बस को टक्कर मार दी, जिससे चार बच्चों की मौत हो गई और 24 छात्रों सहित 32 अन्य लोग घायल हो गए. यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर थठिया इलाके के पास हुआ. कौशाम्बी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की यह बस एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी थी, ताकि बच्चे शौचालय जा सकें. पुलिस ने बताया कि घायलों में स्कूल के आठ कर्मचारी भी शामिल हैं. पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार ने बताया कि बस में 50 लोग सवार थे. सभी छात्र बस से आगरा और मथुरा के टूर पर गए थे. टूर से सभी लौट रहे थे. उन्होंने बताया कि ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मारी, जिससे बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
मृतकों में दो भाई भी
विनोद कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मी, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के कर्मचारी और वहां से गुजर रहे अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बस से बच्चों को बाहर निकाला. उन्होंने बताया कि इसके बाद एम्बुलेंस के जरिए उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 14 वर्षीय आर्यन चौरसिया (पिता प्रेम कुमार चौरसिया), 16 वर्षीय रजीउल्लाह (पिता शमीउल्लाह), 17 वर्षीय अरमान व 17 वर्षीय ज़ैद मिर्ज़ा (दोनों रियाज़ अहमद के बेटे) के रूप में हुई है.
डीएम और एसपी पहुंचे मेडिकल कॉलेज
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्कूल मैनेजर सलमान और एक बच्चा, जिसकी हालत गंभीर बताई गई है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया है. बाकी घायल छात्र और स्टाफ मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे हैं. हादसे की जानकारी मिलते ही जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों की हालत के बारे में जानकारी ली. डीएम ने मेडिकल स्टाफ को निर्देश दिया कि सभी घायल छात्रों को बेहतरीन इलाज मिले और उनकी देखभाल के लिए पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था की जाए. पुलिस ने बताया कि जो छात्र सुरक्षित बच गए थे, उन्हें दूसरी बस से उनके घर वापस भेजा दिया गया.पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
कोटा में भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रक से टकराई तीर्थयात्रियों की गाड़ी, 9 लोगों की मौत, 7 गंभीर
