Nvidia Jensen Huang: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी एनवीडिया में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. दरअसल, कंपनी के CEO जेनसेन हुआंग की वापसी पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुशी से गदगद हैं. उन्होंने इस फैसले को बहुत शानदार बताया है. सिर्फ ट्रंप ही नहीं, टेस्ला के CEO एलन मस्क ने भी हुआंग की वापसी का स्वागत किया है. उधर, अमेरिकी डेमोक्रेटिक नेताओं ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सोमवार को सर्वसम्मति से Jensen Huang को तत्काल प्रभाव से कंपनी के प्रेसिडेंट और CEO पद पर बहाल कर दिया. उन्हें बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में भी दोबारा शामिल किया गया है. बोर्ड ने कहा कि हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया. बोर्ड उनके जवाबों और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता से संतुष्ट है.
ट्रंप ने बताया सही फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एनवीडिया को बधाई दी. उन्होंने लिखा कि, कंपनी ने बिल्कुल शानदार फैसला लिया है. इससे पहले उन्होंने हुआंग को ‘ग्रेट पैट्रियट’ और अमेरिका के लिए एक राष्ट्रीय धरोहर बताया था. ट्रंप के मुताबिक, एनवीडिया में हुआंग का नेतृत्व सिर्फ कंपनी ही नहीं, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की तरक्की के लिए भी जरूरी है. उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे हुआंग की वापसी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जाए. टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘गलती सुधार ली गई है.’ उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें एनवीडिया के कर्मचारी कंपनी मुख्यालय में लौटे हुआंग का तालियां बजाकर और खुशी से स्वागत करते नजर आ रहे हैं. मस्क ने कहा कि Nvidia में वो जिन लोगों को जानते हैं, वो सभी हुआंग को वापस चाहते थे.
एशिया में निवेश का महाबूम! 2030 तक 16 ट्रिलियन डॉलर खर्च होने का अनुमान, AI से आगे बढ़ेगी रफ्तार
डेमोक्रेटिक नेताओं के सवाल
हालांकि, हुआंग की वापसी को लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है. डेमोक्रेटिक सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने इस फैसले को गलत बताते हुए कहा कि, चीन की खुफिया एजेंसियों तक कौन-सी जानकारी पहुंची और जांच कहां तक पहुंची, इन सवालों के जवाब अभी नहीं मिले हैं. उन्होंने हुआंग को कांग्रेस की सार्वजनिक सुनवाई में पेश होने की मांग भी की. कांग्रेस सदस्य डेबी डिंगेल ने भी बोर्ड के फैसले को गैर-जिम्मेदाराना बताया. वहीं, इलिनॉय के गवर्नर जेबी प्रित्ज़कर ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों पर ज्यादा जवाबदेही की मांग की. डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ़रीज़ ने भी फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि, कांग्रेस एनवीडिया से जुड़े आरोपों की व्यापक जांच करेगी. उन्होंने AI तकनीक को गलत हाथों में जाने से रोकने के लिए सख्त एक्सपोर्ट कंट्रोल नियमों की जरूरत बताई.
चीन से जुड़े आरोप
पूरा विवाद ऐलिस हुआंग से जुड़े आरोपों के बाद चर्चा में आया. रिपोर्ट्स में उनके चीन के एक अधिकारी से संपर्क और कुछ कंपनियों के संबंधों को लेकर सवाल उठाए गए हैं. हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है. एनवीडिया ने इस मामले की जांच के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई है. कंपनी के मुताबिक, स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच जारी रहेगी और जेनसेन हुआंग इसमें पूरा सहयोग करेंगे. इसके अलावा, राष्ट्रीय सुरक्षा और एक्सपोर्ट कंट्रोल से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए अलग समिति भी बनाई गई है. वहीं, एनवीडिया के बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि हुआंग कंपनी की कमान संभालने के लिए सही व्यक्ति हैं. हुआंग ने वापसी पर बोर्ड, कर्मचारियों और परिवार का आभार जताया. अब 1 दिसंबर को कांग्रेस के सामने उनकी प्रस्तावित पेशी पर भी सबकी नजरें रहेंगी.
News Source: ANI
India-Nepal के बीच 8 बड़े समझौते, स्पेस से लेकर आयुर्वेद और पुलिस ट्रेनिंग पर सहमति
