Yogi Adityanath Mother Funeral: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन से परिवार और पैतृक गांव पंचूर में शोक का माहौल है. 91 साल की सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव में अंतिम सांस ली. अब शनिवार को हरिद्वार में गंगा किनारे उन्हें अंतिम विदाई दी गई. उनके अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर किया. ये घाट नीलधारा गंगा के किनारे स्थित है. अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार प्रशासन सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं के खास इंतज़ाम किए.
क्यों चुनी ये जगह
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में ही क्यों किया गया, इसकी भी खास वजह है. पंचूर गांव के लोगों के लिए हरिद्वार पारंपरिक पैतृक घाट माना जाता है. गांव की परंपरा के मुताबिक, परिवार के लोगों का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाता है. इसी परंपरा के तहत सावित्री देवी को भी चंडी घाट पर अंतिम विदाई दी गई.
सुरक्षा पर खास नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरिद्वार पहुंचने के लिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई. चंडी घाट के नजदीक कांगड़ी गांव में हेलिकॉप्टर उतारने की तैयारी थी. जिला प्रशासन और पुलिस अंतिम संस्कार के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हैं. अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता पहुंचे. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी इस कार्यक्रम में शामिल रहे.
शोक में परिवार
सावित्री देवी के निधन की खबर शुक्रवार को सामने आई थी. उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में अपने पैतृक घर पर अंतिम सांस ली. खबर मिलते ही योगी आदित्यनाथ गांव पहुंचे और मां के अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए. उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘मां… ओम शांति’ लिखकर श्रद्धांजलि दी. इस दुखद खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया. पंचूर गांव और आसपास के क्षेत्र में भी मातृशोक के चलते माहौल गमगीन है.
मां के निधन पर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, कुछ ऐसे दी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
