Gujcomasol: गुजरात स्टेट कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड यानी गुजकोमासोल की 65वीं वार्षिक साधारण सभा गांधीनगर में आयोजित हुई. इस दौरान संस्था की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की गई. कृषि मंत्री जीतुभाई वाघाणी ने गुजकोमासोल की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि खाद, दवा और बीज के क्षेत्र में संस्था किसानों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. कृषि मंत्री ने कहा कि मौजूदा प्रतिस्पर्धात्मक दौर में वैल्यू एडिशन और आधुनिक तकनीक का उपयोग बेहद जरूरी है. उन्होंने नकली और मिलावटी बीज के जरिए किसानों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ सतर्क रहने की जरूरत पर भी जोर दिया.
राज्य में 62.73 लाख हेक्टेयर क्षेत्र तक पहुंचा पानी
किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि इनपुट उपलब्ध कराने में सहकारी संस्थाओं की भूमिका अहम है. उन्होंने कहा कि आज किसान होना गर्व की बात है. गुजरात में सिंचाई व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है और वर्तमान में राज्य में 62.73 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है. सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है. प्राकृतिक खेती को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को यह चिंता करने की जरूरत नहीं है कि प्राकृतिक खेती अपनाने से उत्पादन कम हो जाएगा. राज्य की चारों कृषि विश्वविद्यालयों में प्राकृतिक खेती को लेकर शोध किया जा रहा है और उसके परिणामों के आधार पर किसानों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है.
गुजकोमासोल का ऐतिहासिक प्रदर्शन
गुजकोमासोल के चेयरमैन दिलीपभाई संघाणी ने संस्था की विकास यात्रा और आगामी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जब वे संस्था में निर्वाचित होकर आए थे, तब गुजकोमासोल का कार्यालय केवल 600 वर्ग गज क्षेत्र में था. किसानों की संस्था का कार्यालय भी भव्य और सुविधायुक्त होना चाहिए, इसी सोच के साथ गांधीनगर में 5 बीघा भूमि पर आधुनिक कार्यालय भवन विकसित किया गया है. उन्होंने कहा कि इस भवन का देशभर की विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने दौरा किया है. भवन को कॉरपोरेट स्तर की सुविधाओं से विकसित किया गया है, लेकिन संस्था की आत्मा और मूल भावना सहकारी ही रखी गई है. दिलीपभाई संघाणी ने बताया कि गुजकोमासोल का टर्नओवर करीब 200 प्रतिशत बढ़कर ₹11,479 करोड़ तक पहुंच गया है.
‘सहकार से समृद्धि’ का संकल्प हो रहा साकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में सहकारी क्षेत्र लगातार काम कर रहा है. समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर चेयरमैन ने कहा कि गुजकोमासोल द्वारा की जाने वाली खरीद का सीधा लाभ किसानों को मिलता है. गुजकोमासोल द्वारा ₹8,680 करोड़ से अधिक की कृषि उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी गई है. किसानों के उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘गुजको’ नाम से नया ब्रांड लॉन्च किया गया है. इसके माध्यम से किसानों के उत्पादों के लिए बड़े बाजार और बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है.‘गुजको मॉल’ परियोजना के तहत अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और जामनगर सहित कुल 7 मॉल संचालित किए जा रहे हैं.
त्योहार से पहले चीनी के दाम ने बनाया नया रिकॉर्ड, चाय से मिठाई तक; सब होगा महंगा
