Home Latest News & Updates दूसरे कारोबारी सत्र में भी गिरा रुपया, डॉलर के मुकाबले कितना कमजोर? एक्सपर्ट ने बताई वजह

दूसरे कारोबारी सत्र में भी गिरा रुपया, डॉलर के मुकाबले कितना कमजोर? एक्सपर्ट ने बताई वजह

by Amit Dubey 30 June 2026, 10:55 AM IST
30 June 2026, 10:55 AM IST
Rupee Today

Rupee Today: एक बार फिर से भारतीय करेंसी में कमजोरी देखी जा रही है. इस हफ्ते के दूसरे कारोबारी सत्र में लगातार रुपये में गिरावट आई है. आज मंगलवार को रुपया अमेरिकी करेंसी डॉलर के मुकाबले 7 पैसे कमजोर होकर खुला. पिछले कारोबारी सत्र यानी कि सोमवार को इसमें 6 पैसे की गिरावट दर्ज की गई थी.

इस गिरावट की क्या-क्या वजहें हो सकती हैं, इसकी जानकारी एक्सपर्ट्स ने दी है. आइए अब जानते हैं कि आज मार्केट खुलते ही रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कितने के स्तर पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके साथ ही एक्सपर्ट्स की बातों को भी जानेंगे.

डॉलर के मुकाबले 94.58 पर पहुंचा रुपया

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी करेंसी के मुकाबले 7 पैसे गिरकर 94.58 पर आ गया. बताया गया कि आयातकों और कंपनियों द्वारा डॉलर की महीने के अंत की मांग ने घरेलू करेंसी यानी रूपये पर दबाव बढ़ा दिया.

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.58 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 7 पैसे की गिरावट दर्ज करता है. मालूम हो कि सोमवार को रुपया शुरुआती बढ़त गंवा बैठा और डॉलर के मुकाबले 6 पैसे गिरकर 94.51 पर बंद हुआ था.

निवेशकों की भावनाओं पर नकारात्मक प्रभाव

जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि रुपये में आई गिरावट को वैश्विक स्तर पर अपेक्षाकृत स्थिर कच्चे तेल की कीमतों से आंशिक रूप से कम किया जा सका. हालांकि, खाड़ी क्षेत्र में संभावित सप्लाई दिक्कतों और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जारी अनिश्चितता को लेकर चिंताओं ने निवेशकों की भावनाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाला है.

क्या बोले एक्सपर्ट?

वहीं, सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा, “जून के अंत के साथ ही, महीने और तिमाही के अंत में डॉलर की मांग एक बार फिर से दिखने लगी है. आयातक, कंपनियां और बैंक आमतौर पर इस अवधि का उपयोग अपनी स्थिति को संतुलित करने और पेमेंट दायित्वों को पूरा करने के लिए करते हैं, जिससे डॉलर की अतिरिक्त मांग पैदा होती है.”

पबारी ने आगे कहा, “तेल की कीमतों में पहले आई तेजी से बढ़ती भू-राजनीतिक जोखिम अब काफी हद तक कम हो गई है, क्योंकि व्यापारी अब अमेरिका-ईरान वार्ता के फिर से शुरू होने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. हालांकि, दोनों पक्षों से मिले मिले-जुले संकेतों का मतलब है कि एनर्जी मार्केट अभी तक स्थिति को सुलझा हुआ घोषित करने के लिए तैयार नहीं हैं.”

कच्चा तेल और शेयर बाजार का अपडेट

कच्चे तेल के भाव में लगातार गिरावट देखी जा रही है. आज वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.83 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.

अब बात भारतीय शेयर बाजार की करें तो आज इसमें गिरावट दर्ज की गई है. जी हां, मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 103.95 अंक गिरकर 76,624.42 पर आ गया. वहीं, निफ्टी 40.10 अंक गिरकर 23,908.80 पर पहुंच गया. स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. इससे भी रुपये के भाव और बाजार पर प्रभाव पड़ा है.

Stock Market Today: सेंसेक्स 200 अंक लुढ़का, निफ्टी 23900 के नीचे; इन शेयरों में उछाल

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?