Stock Market Today: सोमवार को करीब 300 अंकों से अधिक गिरने के बाद आज मंगलवार को भी मार्केट में गिरावट देखी गई है. बाजार की शुरुआत होते ही सेंसेक्स और निफ्टी में सुस्ती दिखी और ये लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आए.
बीते कारोबारी सत्र में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स लाल निशान में 76,728.37 के लेवल पर बंद हुआ था, वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 23,946.25 के स्तर पर बंद हुआ. आइए जानते हैं कि सेंसेक्स और निफ्टी की चाल क्या है और इसके साथ ही जानेंगे कि किस शेयर में तेजी और किसमें गिरावट दिखी है.
सेंसेक्स में 200 अंकों की गिरावट
सबसे पहले हम यहां बात 30 शेयरों वाले सेंसेक्स की करेंगे. आज मार्केट खुलते ही सेंसेक्स लाल निशान में गिरावट के साथ 77,005.51 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. 9 बजकर 41 मिनट पर इसमें 0.26 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. यह तब लाल निशान में 200.38 अंक लुढ़ककर 76,527.99 के लेवल पर ट्रेड करता हुआ नजर आया.

मारुति सहित इन शेयरों में उछाल
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 13 शेयरों में उछाल दिखा, बाकी 17 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. उछाल वाले शेयरों में मारुति 1.47 फीसदी की तेजी के साथ हरे निशान में 13626 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. टाइटन में 1.08 फीसदी की तेजी दिखी. एक्सिस बैंक में 0.98 प्रतिशत की तेजी दिखी. भारती एयरटेल के शेयर में 0.82 फीसदी का उछाल दिखा. वहीं, इंडिगो के शेयर हरे निशान में 0.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 5346 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखे. इनके अलावा अडानी पोर्ट्स में 0.48 फीसदी, पावरग्रिड में 0.42 फीसदी, एल एंड टी में 0.37 फीसदी और महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.28 फीसदी की तेजी दिखी.
टीसीएस समेत इन शेयरों में गिरावट
अब गिरावट वाले शेयरों की बात करते हैं. टीसीएस में 2.75 फीसदी की गिरावट दिखी. यह लाल निशान में 9 बजकर 41 मिनट पर 2039.35 के लेवल पर ट्रेड करता हुआ दिखा. इंफोसिस में 2.73 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 1008.45 के लेवल पर कारोबार करते हुए नजर आया. इनके अलावा एचसीएल टेक में 1.79 फीसदी, कोटक बैंक में 1.21 फीसदी, टाटा स्टील में 1.21 फीसदी, टेक महिंद्रा में 0.88 फीसदी, एनटीपीसी में 0.59 फीसदी और आईटीसी में 0.53 फीसदी की गिरावट देखी गई है.

निफ्टी50 का हाल
अब बात हम 50 शेयरों वाले निफ्टी की करेंगे. बीते कारोबारी सत्र यानी सोमवार को निफ्टी लाल निशान में 23,946.05 पर बंद हुआ था. आज मंगलवार को इसकी ओपनिंग 24,032.05 के लेवल पर हुई. 9 बजकर 41 मिनट के आसपास यह लाल निशान में 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 23,900 से नीचे यानी कि 23,874.30 के लेवल पर कारोबार कर रहा था. इसमें 71.95 अंकों की गिरावट दर्ज की गई. इसके कुल 50 शेयरों में से 22 में तेजी और 28 में गिरावट दर्ज की गई है. फिलहाल, मार्केट में उतार-चढ़ाव की स्थिति जारी है.
कैसा रहा सोमवार को बाजार?
अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से पनपी दुश्मनी और तेल की बढ़ती कीमतों से निवेशकों में घबराहट फैलने के कारण सोमवार को बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए. व्यापारियों ने बताया कि चुनिंदा शेयरों में मुनाफावसूली (Profit Booking) और आईटी, ऑटो और तेल शेयरों में बिकवाली के दबाव ने भी बेंचमार्क को नीचे खींच लिया.
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 372.10 अंक या 0.48 प्रतिशत गिरकर 76,728.37 पर बंद हुआ. दिन के दौरान इसमें 478.72 अंक या 0.62 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 76,621.75 पर पहुंच गया. बीएसई पर कुल 2,629 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 1,712 शेयरों में बढ़त हुई और 218 शेयर अपरिवर्तित रहे. वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 109.75 अंक या 0.46 प्रतिशत गिरकर 23,946.25 पर बंद हुआ.
Rupee vs Dollar: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में 20 पैसे की मजबूती, एक्सपर्ट क्या बोले?
News Source: PTI
