Home Latest News & Updates पश्चिम एशिया में संघर्ष पर ब्रेक! रुपये को हुआ फायदा, डॉलर के मुकाबले कितनी मजबूत हुई भारतीय करेंसी?

पश्चिम एशिया में संघर्ष पर ब्रेक! रुपये को हुआ फायदा, डॉलर के मुकाबले कितनी मजबूत हुई भारतीय करेंसी?

by Amit Dubey 28 July 2026, 10:22 AM IST (Updated 28 July 2026, 1:57 PM IST)
28 July 2026, 10:22 AM IST (Updated 28 July 2026, 1:57 PM IST)
Indian Currency Today

Indian Currency Today: पश्चिम एशिया में संघर्ष पर ब्रेक की खबर है. ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे के खिलाफ हमले को रोक दिया है. इससे स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव की स्थिति सुधरने की काफी अधिक संभावना है. वहीं, कच्चे तेल के लिए अहम यह रास्ता भारत समेत दुनिया के कई देशों को राहत दे रहा है. कारण साफ है क्योंकि संघर्ष रुकने से होर्मुज से आसानी से तेल टैंकरों समेत अन्य जहाजों की आवाजाही हो सकेगी और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगेगी.

इस बीच भारतीय करेंसी में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूती दिखी है. जी हां, भू-राजनीतिक तनाव में कमी के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है. इससे मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 35 पैसे बढ़ गया.

रुपया 35 पैसे बढ़कर कर रहा था कारोबार

आज मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 35 पैसे बढ़कर 95.64 पर पहुंच गया. न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया 95.75 पर खुला और डॉलर के मुकाबले 35 पैसे बढ़कर 95.64 पर कारोबार कर रहा था.

बता दें कि बीते कारोबारी सत्र यानी सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 54 पैसे की तेज वृद्धि के साथ 95.99 पर बंद हुआ था. वहीं, पिछले हफ्ते शुक्रवार को पिछले सत्र में इसमें 20 पैसे की वृद्धि हुई थी.

जानकारों ने क्या कहा?

जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों का कहना है कि कमजोर अमेरिकी डॉलर इंडेक्स और शेयर बाजार की सकारात्मक भावना ने भारतीय मुद्रा को और मजबूत किया है. विश्लेषकों ने कहा कि तेल की कीमतों में नरमी आई क्योंकि अमेरिका और ईरान ने लगातार तीसरे दिन एक-दूसरे के ठिकानों पर हमला करने से परहेज किया और मध्यस्थों ने दोनों पक्षों को बातचीत में वापस लाने में प्रगति हासिल की.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने और बातचीत करने का अनुरोध किया है और सीधे तौर पर संपर्क साधा है “क्योंकि हम उन पर कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं.” ईरान ने कहा है कि कोई सीधी बातचीत नहीं चल रही है.

शेयर बाजार और कच्चे तेल का हाल

घरेलू शेयर बाजार यानी भारतीय स्टॉक मार्केट की बात करें तो सेंसेक्स 14.66 अंक या 0.02 प्रतिशत बढ़कर 76,850.44 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 27.10 अंक या 0.11 प्रतिशत बढ़कर 24,023.45 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 1,688.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

कच्चे तेल की कीमत की बात करें तो यह 1.43 प्रतिशत गिरकर 87.10 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.

750 अंकों से अधिक के उछाल के बाद आज भी शेयर बाजार में तेजी, जानें सेंसेक्स और निफ्टी की चाल

News Source: PTI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?