Sensex Top 10 Market Cap Company: सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से पिछले हफ्ते 4 को मुनाफा हुआ है तो 6 को नुकसान हुआ है. सबसे अधिक मुनाफा रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ है.
Sensex Top 10 Market Cap Company: पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने दुनिया भर की शेयर मार्केट को प्रभावित किया है. इससे भारतीय शेयर बाजार भी अछूता नहीं रहा है. देश की शेयर मार्केट में कई कंपनियों को काफी नुकसान हुआ है. हालांकि, इस दौरान कई ऐसी कंपनियां भी हैं, जिन्होंने मुनाफा कमाया है.
इस बीच हर बार की तरह इस बार भी बीते कारोबारी दिनों (साप्ताहिक) के लिए शेयर बाजार के सेंसेक्स इंडेक्स की टॉप-10 कंपनियों के आंकड़े आएं हैं, ये आंकड़े उनके मार्केट कैप को लेकर हैं. इन आंकड़ों के अनुसार, मार्केट कैप के आधार पर सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से चार कंपनियों का मार्केट कैप 2.20 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है. इनमें सबसे अधिक बढ़त मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) को हुई है. आइए जानते हैं कि किसको कितना फायदा और किसको कितना नुकसान हुआ है.
4 कंपनियों का मार्केट कैप 2.20 लाख करोड़ बढ़ा
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से पिछले हफ्ते में सबसे अधिक मार्केट कैप रिलायंस इंडस्ट्रीज का बढ़ा है. इसके मार्केट कैपिटलाइजेशन में 1,39,655.8 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इसका कुल मार्केट कैप 19,36,303.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. दूसरे स्थान पर भारती एयरटेल है. इसका मार्केट कैप 43,503.51 करोड़ रुपये बढ़कर अब 11,49,222.13 करोड़ रुपये हो गया. तीसरे स्थान पर TCS रही. इसका मार्केट कैप 27,569.83 करोड़ रुपये बढ़कर 8,94,933.95 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, चौथे स्थान पर बजाज फाइनेंस है. इसका मार्केट कैप 9,432.32 करोड़ रुपये बढ़कर 5,83,123.13 करोड़ हो गया है.
इन 6 कंपनियों को हुआ नुकसान
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से पिछले हफ्ते 4 को मुनाफा हुआ है तो 6 को नुकसान हुआ है. इन 6 कंपनियों में ICICI Bank, State Bank of India (SBI), HDFC Bank, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एलआईसी और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का नाम शामिल है.
पिछले हफ्ते में ICICI Bank का मार्केट कैप 45,364.62 करोड़ रुपए घटकर 9,04,980.78 करोड़ रुपये रह गया. SBI का मार्केट कैप 30,922.57 करोड़ रुपए घटकर 9,85,829.96 करोड़ रुपये रह गया. HDFC Bank का मार्केट कैप 20,951.31 करोड़ रुपए घटकर 11,87,274.17 करोड़ रुपये रह गया. वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर का 18,420.79 करोड़ रुपये घटकर 5,28,799.01 करोड़ रुपये, एलआईसी का 8,222.49 करोड़ रुपये घटकर 5,04,798.07 करोड़ रुपये और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मार्केट कैप 178.83 करोड़ रुपये घटकर 5,51,993.05 करोड़ रुपये रह गया है.
बाजार की बढ़त धीरे-धीरे सीमित हुई- एक्सपर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के रिसर्च के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अजीत मिश्रा ने कहा, “बाजारों ने सप्ताह का अंत मामूली बढ़त के साथ किया. यह मिले-जुले ग्लोबल और घरेलू संकेतों के बीच अस्थिर और सीमित दायरे वाले व्यापारिक माहौल को दर्शाता है.” उन्होंने आगे बताया कि हफ्ते की शुरुआत पॉजिटिव रही, जिसे भू-राजनीतिक तनाव में कमी और कंपनियों की Q4 की कमाई में लगातार हो रही प्रगति का सहारा मिला. एक्सपर्ट ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमत, एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेत और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ओर से की जा रही लगातार बिकवाली की वजह से बाजार की यह बढ़त धीरे-धीरे सीमित होती गई. बता दें कि पिछले हफ्ते में सेंसेक्स इंडेक्स ने 249.29 अंक या 0.32 प्रतिशत का छलांग लगाया है.
Disclaimer: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. Live Times अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
यह भी पढ़ें: 5 मई है इस IPO में पैसे लगाने का आखिरी दिन, कितना गुना हुआ सब्सक्राइब? जानें एक-एक डिटेल्स
