Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सुबह बाजार खुलते ही निवेशकों के चेहरे खिल उठे थे. सेंसेक्स करीब 500 अंक की छलांग लगाकर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी ने भी 23,000 का आंकड़ा पार कर लिया था. लेकिन ये खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी. कुछ ही घंटों में बाजार की लगभग पूरी तेजी गायब हो गई. ऑटो, मेटल और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया. हालांकि, आईटी सेक्टर के कुछ शेयरों ने निवेशकों को राहत जरूर दी.
कैसे बिगड़ा खेल?
बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत शानदार रही. सकारात्मक ग्लोबल संकेतों के बीच सेंसेक्स 492.61 अंक यानी 0.67 प्रतिशत उछलकर 74,345.51 पर खुला. वहीं, निफ्टी 141.50 अंक की तेजी के साथ 23,030.45 पर पहुंच गया. सुबह करीब 11 बजे सेंसेक्स 382.49 अंक चढ़कर 74,235.39 पर कारोबार कर रहा था. निफ्टी भी 22,956.15 पर बना हुआ था. लेकिन इसके बाद बाजार में बिकवाली तेज हो गई. सेंसेक्स की बढ़त सिमटकर सिर्फ 107.72 अंक रह गई और ये 73,960.62 पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 6.60 अंक गिरकर 22,882.35 पर कारोबार करने लगा.

निवेशकों की बढ़ी चिंता
बाजार में कमजोरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2,865 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, सिर्फ 885 शेयरों में तेजी देखने को मिली. इसके अलावा 180 शेयरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ. सबसे ज्यादा दबाव ऑटो, मेटल और स्मॉलकैप शेयरों में देखने को मिला. बाजार की ये चाल बताती है कि बड़े इंडेक्स में मामूली बढ़त होने के बावजूद ज्यादातर शेयरों में बिकवाली हावी रही.
इन शेयरों में भारी गिरावट
बुधवार को कई बड़ी कंपनियों के शेयर निवेशकों को निराश करते नजर आए. पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस का शेयर 2 प्रतिशत गिरकर 1,652 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, सुजलॉन एनर्जी का शेयर 2.01 प्रतिशत टूटकर 39.57 रुपये पर कारोबार करता दिखा. टीवीएस मोटर कंपनी का शेयर 2.01 प्रतिशत गिरकर 3,992.30 रुपये और अपोलो टायर्स का शेयर 2.06 प्रतिशत फिसलकर 408.15 रुपये पर पहुंच गया. इसके अलावा भारत फोर्ज में 2.02 प्रतिशत, रेल विकास निगम में 2.06 प्रतिशत और नेशनल एल्युमीनियम कंपनी में 2.01 प्रतिशत की गिरावट देखी गई. पेज इंडस्ट्रीज का शेयर भी 2.01 प्रतिशत गिरकर 35,050 रुपये पर पहुंच गया.
भारत को Trump ने दी बड़ी राहत! रूसी तेल खरीदने पर नहीं लगेगा 100% टैरिफ, चीन को भी फायदा
इन शेयरों ने दिखाई ताकत
कमजोर बाजार के बावजूद कुछ शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली. आईटी कंपनी कोफोर्ज का शेयर 2.17 प्रतिशत चढ़कर 1,966.80 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, कल्याण ज्वेलर्स इंडिया का शेयर 2.21 प्रतिशत बढ़कर 563.50 रुपये पर कारोबार करता नजर आया. एलटीएम के शेयर में भी 1.20 प्रतिशत की तेजी आई और ये 4,316.20 रुपये पर पहुंच गया. कारोबार की शुरुआत में इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी देखने को मिली थी.
इन शेयरों को झटका
बुधवार को कुछ बड़ी कंपनियों के शेयर अपने 52 वीक लो लेवल पर पहुंच गए. एनटीपीसी का शेयर एनएसई पर 305.05 रुपये के 52 वीक लो तक फिसल गया. इसके बाद ये 305.30 रुपये पर ट्रेड करता दिखा. जुबिलेंट फूडवर्क्स का शेयर भी बीएसई पर 408 रुपये के नए 52 वीक लो लेवल पर पहुंच गया. इसके अलावा एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और मुथूट फाइनेंस के शेयरों ने भी 52 वीक लो का लेवल टच किया.

जियो IPO का धमाका
शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने एंट्री करते ही हलचल मचा दी है. मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़ी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. बुधवार, 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन खुलने के सिर्फ 100 मिनट के अंदर ही आईपीओ पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया. खास बात ये है कि बड़े संस्थागत निवेशकों ने इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है. ऐसे में अगर आप भी इस आईपीओ में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो इसकी कीमत, लॉट साइज और आखिरी तारीख जान लीजिए.
सिर्फ 100 मिनट
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आंकड़ों के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पहले दिन ही 1.27 गुना सब्सक्राइब हो गया. कंपनी ने करीब 19.75 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे हैं. वहीं, निवेशकों की तरफ से लगभग 25 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं. सबसे दिलचस्प बात ये है कि इस आईपीओ के लिए 13.56 लाख आवेदन मिल चुके हैं. जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में सबसे ज्यादा मांग क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIB कैटेगरी में देखने को मिली. एंकर निवेशकों को छोड़कर ये कैटेगरी 3.86 गुना सब्सक्राइब हुई. इस हिस्से में करीब 4.90 करोड़ शेयर आरक्षित थे, जबकि निवेशकों ने लगभग 18.91 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगा दीं. वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी NII कैटेगरी 0.41 गुना सब्सक्राइब हुई. 10 लाख रुपये से ज्यादा के आवेदनों वाला हिस्सा 0.34 गुना और इससे कम रकम वाले आवेदनों का हिस्सा 0.54 गुना भरा.
दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन : कारोबार पर बड़ा संकट, रोजाना 400 करोड़ का नुकसान, व्यापारियों में चिंता
प्राइस बैंड कितना है?
जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने आईपीओ का प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया है. निवेशकों को कम से कम 12 शेयरों के एक लॉट के लिए आवेदन करना होगा. अगर कोई निवेशक ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए आवेदन करता है, तो उसे 13,428 रुपये लगाने होंगे. वहीं, निचले प्राइस बैंड पर एक लॉट की कीमत 12,780 रुपये होगी. जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है. निवेशक इसमें 23 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं.

रुपये में मजबूती
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय रुपये ने राहत दी. बुधवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 14 पैसे मजबूत होकर 94.78 पर खुला. इसके बाद रुपये में और मजबूती देखने को मिली और ये 94.55 प्रति डॉलर के लेवल तक पहुंच गया. पिछले ट्रेडिंग सेशन में रुपया 94.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली भी चिंता की वजह बनी हुई है. सोमवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर मार्केट से 1,148.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे. हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,201.19 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की. इससे पहले 16 अक्टूबर को विदेशी निवेशकों ने 1,165.92 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी.
Stock Market में फिर मचा हड़कंप! Sensex और Nifty नीचे, जानें किन शेयरों ने डुबोया पैसा
एशियाई बाजारों में तेजी
बुधवार को कई एशियाई शेयर बाजारों में अच्छी तेजी देखने को मिली. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत चढ़ा. वहीं, जापान के निक्केई में भी मजबूती रही. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के बेहतर नतीजों ने वैश्विक टेक शेयरों में अलग माहौल बना दिया. हालांकि, भारतीय बाजार में ऑटो, मेटल और छोटे शेयरों में बिकवाली ने शुरुआती बढ़त को कमजोर कर दिया.
कच्चे तेल की कीमत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली. ब्रेंट क्रूड 0.78 प्रतिशत बढ़कर 109.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 98.58 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा. मिडिल ईस्ट में तेल आपूर्ति को लेकर चिंता और लाल सागर में जहाजों की आवाजाही से जुड़े जोखिमों ने कीमतों को सहारा दिया.

सोमवार का हाल
इससे पहले सोमवार, 19 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज देखी गई थी. सेंसेक्स 876.37 अंक यानी 1.17 प्रतिशत टूटकर 73,852.90 पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 257.20 अंक गिरकर 22,888.95 पर पहुंच गया था. उस दिन एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट जैसे शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी.
अब निवेशकों की नजर कहां?
बुधवार को इटरनल, अदाणी ग्रीन एनर्जी, इंडियन होटल्स, केईआई इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज और विशाल मेगा मार्ट समेत कई कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले हैं. ऐसे में निवेशकों की नजर इन कंपनियों के प्रदर्शन पर बनी हुई है. फिलहाल निफ्टी के 23,000 के लेवल पर दोबारा पहुंचने और वहां टिकने की क्षमता पर बाजार की नजर रहेगी. वहीं, कच्चे तेल की कीमतें, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करने में बड़ा रोल प्ले कर सकते हैं.
News Source: ANI
त्योहारों से पहले सोने ने दिखाई चमक, 1.50 लाख के पार पहुंचा भाव, जानें चांदी का हाल
