India-US Trade: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत, जो एक साल से अधिक समय से जारी है, अब अपने अंतिम चरण में है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो इसके लिए भारत दौरे पर आए हैं. मार्को रूबियो ने उम्मीद जताई है कि यह समझौता कुछ हफ्तों में पूरा हो सकता है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि “भारत और अमेरिका के बीच होने वाला यह व्यापार समझौता पहले के समझौतों से काफी अलग होने वाला है.”
“समझौता करने के काफी करीब हैं”
मंगलवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौता करने के काफी करीब हैं. एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, “वे समझौता करना चाहते हैं. हम भी समझौता करने जा रहे हैं. हां हम काफी करीब हैं.” राष्ट्रपति ने कहा, “यह हमारे द्वारा पहले किए गए समझौतों से काफी अलग तरह का समझौता होगा.” ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत के दौरे पर हैं.
मंगलवार को मार्को रुबियो ने मुंबई में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत में भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार और उनकी रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा हुई. बुधवार को रुबियो गुजरात के जामनगर जाएंगे, जहां ऊर्जा सहयोग पर चर्चा होगी.
डील से मीलेगी ट्रैरिफ में छूट
रुबियो ने यह भी संकेत दिया कि रूसी तेल खरीदने पर अमेरिका द्वारा टैरिफ में छूट देने का फैसला भी इसी डील से जुड़ा है. पिछले हफ्ते, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और रूसी तेल के पांच सबसे बड़े खरीदारों (जिनमें भारत भी शामिल है) के खिलाफ लगे कुछ प्रतिबंधों को निलंबित कर दिया.
इस महीने की शुरुआत में, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापार समझौते के बारीक पहलुओं पर चर्चा करने के लिए मिल्वौकी और वाशिंगटन में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर से मुलाकात की थी. भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी. हालांकि, अमेरिका में टैरिफ (शुल्क) से जुड़ी स्थितियों में बदलाव के कारण इस समझौते पर फिर से बातचीत हो रही है. भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके सामानों पर, उसके प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर टैरिफ दरें लागू हों. कुछ दिन पहले जयशंकर ने कहा था कि दोनों पक्षों के बीच चल रही व्यापार वार्ता अब एक “निर्णायक मोड़” पर पहुंच रही है.
आज जयशंकर संग बैठक करेंगे मार्को रूबियो, ट्रेड डील, रूसी तेल पर टैरिफ छूट…इन मुद्दों पर रहेगी नजर
News Source: ANI
