Stock Market Closing: गुरुवार की जोरदार गिरावट के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार ने राहत की सांस ली. हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में बंद हुए. कुछ बड़े शेयरों में वैल्यू बाइंग यानी सस्ते भाव पर खरीदारी ने बाजार को संभालने में मदद की. हालांकि, महंगा कच्चा तेल, ऊंची अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की बिकवाली अब भी बाजार के लिए चिंता की वजह बनी हुई है.
सेंसेक्स-निफ्टी का यू टर्न
शुक्रवार को BSE सेंसेक्स 315.20 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,895.74 पर बंद हुआ. ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स ने 73,968.05 का हाई लेवल और 73,477.77 का लो लेवल देखा. यानी पूरे दिन करीब 490 अंकों का उतार-चढ़ाव रहा. वहीं, NSE निफ्टी 50 77.40 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 23,140.50 पर बंद हुआ. निफ्टी के 34 शेयर बढ़त में रहे. वहीं, 15 शेयरों में गिरावट आई और एक शेयर बिना बदलाव के बंद हुआ. ये रिकवरी गुरुवार की तेज गिरावट के बाद आई है. गुरुवार को सेंसेक्स 1,247.71 अंक टूट गया था, जबकि निफ्टी में 383.70 अंकों की गिरावट दर्ज हुई थी.
बैंकिंग और ऑटो शेयर्स का सहारा
शुक्रवार को चुनिंदा ब्लू चिप शेयरों में खरीदारी देखने को मिली. सेंसेक्स में एक्सिस बैंक 2.82 प्रतिशत चढ़कर सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में रहा. इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, HCL टेक और टाइटन में भी तेजी रही. दूसरी तरफ ट्रेंट में 1.41 प्रतिशत की गिरावट आई. इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, ICICI बैंक और टाटा स्लील भी दबाव में रहे. सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो में 0.84 प्रतिशथ की बढ़त रही. FMCG, मेटल, PSU बैंक और प्राइवेट बैंक इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए. वहीं, IT, मीडिया, फार्मा और ऑयल एंड गैस सेक्टर में गिरावट देखने को मिली.
US Market में महंगाई का अलार्म! ट्रेजरी यील्ड 5% के पार, वॉल स्ट्रीटमें मचा हड़कंप
महंगा क्रूड और FII बिकवाली
बाजार की रिकवरी के बावजूद निवेशकों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. कच्चा तेल करीब 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना रहा. इसके अलावा US ट्रेजरी यील्ड का हाई लेवल और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार पर दबाव बनाए हुए है. एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने गुरुवार को 5,027.36 करोड़ रुपये की भारतीय इक्विटी बेची थी.
रुपये को मिली थोड़ी राहत
डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 19 पैसे मजबूत होकर 95.80 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ. हालांकि, महंगे क्रूड और डॉलर की मांग ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा. सोने और चांदी में भी तेजी रही. 24 कैरेट सोना 0.42 प्रतिशत बढ़कर 1,51,336 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.09 प्रतिशत बढ़कर 2,36,022 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. आगे बाजार की चाल क्रूड ऑयल, ग्लोबल बॉन्ड यील्ड और FII फ्लो पर काफी हद तक निर्भर रहने वाली है.
News Source: ANI
UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज: योगी ने कहा- मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा है उत्तर प्रदेश
