Stock Market Today: भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा लगातार चौथी बार प्रमुख नीतिगत दरों को अपरिवर्तित रखने के बाद बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे सत्र में बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 152 अंक बढ़कर बंद हुआ. आज गुरुवार को भी शेयर बाजार में तेजी दिखी है. मार्केट के दोनों बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में कारोबार करते हुए नजर आए.
आइए जानते हैं कि 30 शेयरों वाला सेंसेक्स और 50 शेयरों वाला निफ्टी की गुरुवार को चाल क्या है और किन शेयरों में तेजी और किसमें गिरावट दिखी है.
सेंसेक्स में 170 अंकों से अधिक की तेजी
सबसे पहले हम बात शीर्ष 30 शेयरों वाले सेंसेक्स की करेंगे. सेंसेक्स की आज गुरुवार को ओपनिंग हरे निशान में हुई. यह बाजार खुलते ही उछाल के साथ 78,782.43 के लेवल पर खुला. बीते कारोबारी सत्र यानी कि बुधवार को यह 78,581 के लेवल पर कारोबार करते हुए बंद हुआ था.
वहीं, आज 9 बजकर 27 मिनट पर सेंसेक्स में 0.22 फीसदी की तेजी दिखी. यह हरे निशान में 172.91 अंकों के उछाल के साथ 78,753.91 के स्तर पर कारोबार करते हुए दिखा.

टाइटन समेत इन शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के शीर्ष 30 शेयरों में से 16 में तेजी दिखी, वहीं 14 शेयर लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आए. 9 बजकर 27 मिनट पर टाइटन में 1.38 प्रतिशत की तेजी दिखी और यह हरे निशान में 4979.70 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था.
रिलायंस इंडस्ट्रीज की बात करें तो इसमें 1.17 फीसदी की तेजी दिखी और यह हरे निशान में 1296.05 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. इनके अलावा इटरनल में 1.01 फीसदी, टाटा स्टील में 0.71 फीसदी, एशियन पेंट्स में 0.71 फीसदी, एसबीआई में 0.70 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.59 फीसदी और टेक महिंद्रा में 0.42 प्रतिशत की तेजी दिखी है.
पावरग्रिड समेत इन शेयरों में गिरावट
सेंसेक्स के शीर्ष शेयरों में कई में गिरावट भी देखी गई है. पावरग्रिड में 2.94 फीसदी की सुस्ती नजर आई और यह लाल निशान में 273.70 पर कारोबार कर रहा था. महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.99 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. इनके अलावा ट्रेंट में 0.95 फीसदी की सुस्ती, मारुति में 0.41 फीसदी की गिरावट, एक्सिस बैंक में 0.40 फीसदी की गिरावट, एनटीपीसी में 0.39 फीसदी की सुस्ती, टीसीएस में 0.37 फीसदी की गिरावट और इंफोसिस में 0.17 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है.

निफ्टी की क्या है चाल?
अब बात 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. बीते कारोबारी सत्र बुधवार को यह हरे निशान में 24,624.65 पर बंद हुआ था. आज गुरुवार को निफ्टी हरे निशान में ही 24,641 के लेवल पर कारोबार करते हुए खुला. इसके शीर्ष 50 शेयरों में 20 हरे और 30 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे. इनकी यह ट्रेडिंग टाइमिंग 9 बजकर 28 मिनट की है.
बुधवार को कैसी थी बाजार की स्थिति?
बुधवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 152.05 अंक या 0.19 प्रतिशत बढ़कर 78,581 पर बंद हुआ, जिसमें इसके 17 घटक शेयरों में बढ़त, 12 शेयरों में गिरावट और एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ.
सूचकांक शुरुआती बढ़त के साथ खुला और सत्र के पहले भाग में 79,055.38 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, दोपहर बाद के सत्र में सूचकांक में गिरावट आई और यह 769.64 अंक गिरकर 78,285.74 के निचले स्तर पर पहुंच गया. सत्र के समापन से पहले ब्लू-चिप बैंकिंग, ऑटो और पूंजीगत सामान शेयरों में आई बढ़त ने सूचकांक को नुकसान से उबरने में मदद की.
सेंसेक्स पैक में अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन और कोटक महिंद्रा बैंक प्रमुख विजेताओं में शामिल थे. वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं.
50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 9.75 अंक या 0.04 प्रतिशत बढ़कर 24,624.65 पर बंद हुआ. दिन के कारोबार के दौरान इसने 24,677.60 का उच्च स्तर और 24,497.95 का निम्न स्तर छुआ.
आखिर क्यों नहीं घटा रेपो रेट? लोन और EMI पर क्या होगा असर, जानें वैश्विक तनाव पर RBI ने क्या कहा
News Source: PTI
