Home Top News वियतनाम यात्रा पर अमित शाह का सवाल : राहुल गांधी बताएं, वहां किससे मिले और क्या था कार्यक्रम

वियतनाम यात्रा पर अमित शाह का सवाल : राहुल गांधी बताएं, वहां किससे मिले और क्या था कार्यक्रम

by Sanjay Kumar Srivastava 5 November 2026, 5:36 PM IST
5 November 2026, 5:36 PM IST
वियतनाम यात्रा पर अमित शाह का सवाल: राहुल गांधी बताएं वहां किससे मिले और क्या था कार्यक्रम

Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राहुल गांधी को चुनौती दी कि वे अपने सभी विदेश दौरों का विवरण सार्वजनिक करें. शाह ने गुरुवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी से उनकी हालिया वियतनाम यात्रा सहित सभी विदेश दौरों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की. हरियाणा के करनाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी एक संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि वे वियतनाम में कितने दिन रहे, किससे मिले और वहां उनका क्या कार्यक्रम था. उन्होंने पारदर्शिता की वकालत करते हुए राहुल गांधी से इन यात्राओं का ब्यौरा सामने रखने को कहा. इसके साथ ही गृह मंत्री ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) पर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाए.

कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- EVM खराब तो शपथ क्यों ली

शाह ने पूछा कि अगर ईवीएम खराब हैं, तो कांग्रेस के विधायकों ने उन्हीं मशीनों से चुनाव जीतने के बाद केरल, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में शपथ क्यों ली? शाह ने कहा कि देश की जनता अब आपको स्वीकार नहीं करती, इस बात को मान लीजिए. उन्होंने यह भी कहा कि लोग सोच रहे हैं कि क्या अहम मुद्दों पर चर्चा सड़कों पर होनी चाहिए या संसद में. शाह ने कहा कि राहुल जी, अगर आपको सड़कों पर चर्चा करने का इतना ही शौक है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है. आप मोदी जी से बहस करने के लिए कहते हैं, पूछते हैं कि ‘जगह बताइए’… चलिए, मोदी जी को छोड़िए. हरियाणा में कोई भी चौराहा चुन लीजिए, हमारे युवा मोर्चा के अध्यक्ष आपसे बहस करेंगे. उन्होंने कहा कि अगर आप कोई जिम्मेदार और सार्थक चर्चा करना चाहते हैं, तो आइए संसद के अंदर बहस करते हैं. लेकिन मुझे पता है कि आप ऐसा नहीं करेंगे और हमेशा की तरह आप भाग जाएंगे.

घर-घर जाकर विपक्ष की साजिश का करें पर्दाफाश

गृह मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे हरियाणा के हर घर में जाएं, चुनाव प्रक्रिया को बदनाम करने की कांग्रेस और उसके सहयोगियों की साजिश का पर्दाफाश करें और लोगों को SIR (विशेष पुनरीक्षण) प्रक्रिया के बारे में सच्चाई बताएं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने हर राजनीतिक दल को बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अनुमति दी थी. जब चुनाव आयोग SIR प्रक्रिया चला रहा था, तब कांग्रेस के BLA क्या कर रहे थे?हरियाणा कांग्रेस में चल रही कथित अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि उनके BLA तो हुड्डा और शैलजा की कुश्ती में व्यस्त थे. उन्होंने कभी मतदाताओं की मदद नहीं की. शाह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से यह भी कहा कि उन्हें हरियाणा से सीखना चाहिए कि सरकार कैसे चलाई जाती है.

पंजाब में MSP के लिए संघर्ष कर रहे किसान

कहा कि पंजाब के किसान MSP के लिए संघर्ष कर रहे हैं. हमारे मुख्यमंत्री (नायब सिंह) सैनी ने 24 फसलों पर MSP दी है. यहां किसी को कोई शिकायत नहीं है. जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता में है, वहां उनकी गारंटियों पर निशाना साधते हुए शाह ने दावा किया कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश में 10 गारंटियां दी थीं, लेकिन एक भी पूरी नहीं की. उन्होंने कहा कि हरियाणा में मोदी जी द्वारा दी गई सभी गारंटियां पूरी की गई हैं. विश्व बैंक के हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. उन्होंने दावा किया कि 12 वर्षों में 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला, जबकि 49 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिला. हमने 16 करोड़ घरों तक नल से पानी पहुंचाया, 13 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि दी और 12 करोड़ शौचालय बनवाए.

‘विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने…’ राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना; बहस की दी खुली चुनौती

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?