Stock Market Today: आज सोमवार को सप्ताह के पहले ही दिन मार्केट में बड़ी गिरावट देखी गई है. बाजार खुलते ही 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में 620 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी 24020 के आसपास कारोबार करते हुए दिखा.
एक्सपर्ट के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच पश्चिम एशिया में एक बार फिर से संघर्ष और युद्ध शुरू होने से बाजार को झटका लगा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नए युद्ध से कच्चे तेल की कीमत में एक बार फिर से बढ़ोतरी देखी गई.
बता दें कि होर्मुज से गुजरने वालों कुछ जहाजों को ईरान के द्वारा निशाना बनाया गया. इसके बाद अमेरिका ने ईरान पर हमला कर दिया, जिसकी जवाबी कार्रवाई में ईरान ने यूएस सैन्य ठिकानों वाले खाड़ी देश जैसे कुवैत, कतर समेत बहरीन आदि पर हमला कर दिया. अब इस तनाव की वजह से ईरान और अमेरिका के बीच समझौते पर चल रही बातचीत पर भी खतरा मंडरा रहा है. इससे घरेलू मार्केट को भी नुकसान हो सकता है.
अब आइए जानते हैं कि भारतीय शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी50 की चाल क्या है. इसके साथ ही जानेंगे कि किन शेयरों में तेजी और किनमें गिरावट है.

सेंसेक्स में 624 अंकों से अधिक की गिरावट
सबसे पहले हम बात शीर्ष 30 शेयरों वाले सेंसेक्स इंडेक्स की करेंगे. आज सोमवार को मार्केट खुलते ही इसमें 600 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई. यह लाल निशान में 76,963.35 के स्तर पर खुला. पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 77,569.39 के लेवल पर कारोबार करते हुए बंद हुआ था.
मार्केट खुलने के कुछ ही पल बाद सेंसेक्स में 624.93 अंकों की गिरावट देखी गई. यह 0.81 फीसदी गिरकर लाल निशान में 76,944.46 पर कारोबार कर रहा था.
सेंसेक्स के केवल 6 शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के कुल 30 शेयरों में से मात्र 6 शेयरों में तेजी दिखी. 9 बजकर 15 मिनट पर टीसीएस शेयर में 1.19 फीसदी की तेजी दिखी और यह हरे निशान में 2093.60 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके अलावा एचसीएल टेक में 1.01 फीसदी की तेजी, एनटीपीसी में 0.32 फीसदी की तेजी, टेक महिंद्रा में 0.04 प्रतिशत की तेजी, इंफोसिस में 0.03 फीसदी की तेजी और पावरग्रिड में 0.00 फीसदी की नाममात्र तेजी दिखी.
वहीं, सेंसेक्स के शीर्ष अन्य 24 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. इनमें इंडिगो में 2.93 फीसदी की गिरावट दिखी, जो लाल निशान में 5155.50 के लेवल पर कारोबार कर रहा था. मारुति में 1.94 फीसदी की सुस्ती दिखी. टाटा स्टील में 1.91 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इनके अलावा इटरनल में 1.66 फीसदी, एशियन पेंट्स में 1.62 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.32 फीसदी, टाइटन में 1.17 फीसदी और एसबीआई में 1.14 फीसदी की गिरावट देखी गई है.

24039.40 पर खुला निफ्टी
अब बात निफ्टी50 की करते हैं. बीते कारोबारी सत्र में निफ्टी 24,206.90 के लेवल पर कारोबार करते हुए बंद हुआ था. वहीं, आज सोमवार को यह गिरावट के साथ लाल निशान में 24,039.40 के स्तर पर खुला.
मार्केट खुलने के बाद इसमें 179.30 अंकों की गिरावट देखी गई. यह 9 बजकर 16 मिनट पर 0.74 फीसदी की गिरावट के साथ 24,027.60 के लेवल पर कारोबार कर रहा था. निफ्टी के शीर्ष 50 शेयरों में से मात्र 6 में तेजी दिखी जबकि 44 शेयर लाल निशान में कारोबार करते हुए पाए गए.
बता दें कि बीते कारोबारी सत्र यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 827.57 अंक या 1.08 प्रतिशत बढ़कर 77,569.39 पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 244.10 अंक या 1.02 प्रतिशत बढ़कर 24,206.90 पर बंद हुआ था.
BSE के 151 साल, बरगद के नीचे से शुरुआत; जानें एशिया के सबसे पुराने स्टॉक एक्सचेंज की कहानी
News Source: PTI
