Cyber Fraud With CA: दुनिया में इंटरनेट हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का एक जरूरी हिस्सा बन गया है. इसने हमारे बातचीत करने, दोस्त बनाने, अपडेट शेयर करने, गेम खेलने और शॉपिंग करने समेत अन्य तरीकों को बदल दिया है. ये हमारी जिंदगी के ज्यादातर हिस्सों पर असर डाल रहे हैं. इंटरनेट और डिजिटल की बढ़ती दुनिया में साइबरस्पेस हमें करोड़ों ऑनलाइन यूजर्स से वर्चुअली जोड़ता है.
साइबरस्पेस के बढ़ते इस्तेमाल के साथ, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के खिलाफ साइबर क्राइम जैसे साइबर स्टॉकिंग, साइबर फ्रॉड, साइबर बुलिंग, साइबर हैरेसमेंट, चाइल्ड पोर्नोग्राफी, रेप कंटेंट वगैरह भी तेजी से बढ़ रहे हैं. इस बीच मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के साथ करीब 21 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की घटना सामने आई है. आइए जानते हैं पूरा मामला.
हाई रिटर्न का वादा कर फर्जी योजना में निवेश
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की ग्वालियर पुलिस ने बताया कि एक 70 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ साइबर फ्रॉड की घटना हुई है. सीए ने छह महीने में साइबर जालसाजों के हाथों 21 करोड़ रुपये से अधिक की राशि गंवा दी है. अपराधियों ने पीड़ित को कथित तौर पर हाई रिटर्न का वादा किया था और एक फर्जी योजना में निवेश कराया था.
यह धोखाधड़ी दिसंबर 2025 के आखिरी सप्ताह में शुरू हुई जब एक महिला ने निवेश सलाहकार बनकर व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायतकर्ता से संपर्क किया. इंदरगंज इलाके के निवासी पीड़ित ने धोखाधड़ी का पता चलने के बाद साइबर अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई.
लगभग 1.75 करोड़ रुपये फ्रीज- पुलिस
पुलिस उपाधीक्षक संजीव नयन शर्मा ने बताया कि उसने (महिला) शुरू में छोटे निवेशों पर रिटर्न दिखाकर उसका विश्वास जीता, जिसके बाद धोखेबाजों ने एक फर्जी ऑनलाइन निवेश पोर्टल बनाया, जिसमें काल्पनिक लाभ दिखाए गए.
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने मुनाफे को वास्तविक मानते हुए छह महीने की अवधि में 21 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया. हालांकि, जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की, तो धोखेबाजों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए और बाद में धनराशि जारी करने के लिए कई करोड़ रुपये और मांगे. शिकायत के अनुसार, पीड़ित के चार बैंक खातों से 100 से अधिक लेनदेन किए गए थे.
वहीं, एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पुलिस अब तक लगभग 1.75 करोड़ रुपये फ्रीज करने में कामयाब रही है और उन बैंक खातों का पता लगा रही है जिनमें पैसा ट्रांसफर किया गया था.
एक कॉल…पलभर में खत्म हो गई जीवनभर की कमाई, देशभर में बढ़ते जा रहे साइबर ठगी के मामले
News Source: PTI
