Bareilly Gangrape: उत्तर प्रदेश में कानून और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार काफी सख्त रही है. इस बीच कुछ दरिंदों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुनौती देने का दुस्साहस किया है. जी हां, यूपी के बरेली से एक दरिंदगी की खबर सामने आई है. यहां आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. उसे आरोपी जबरदस्ती गन्ने की खेत में घसीटकर ले गए और फिर दरिंदगी को अंजाम दिया. आइए जानते हैं पूरी खबर.
गन्ने की खेत में ले जाकर गैंगरेप
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि बरेली के नवाबगंज इलाके में बकरियां चरा रही आठवीं क्लास की 14 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ है. छात्रा को जबरदस्ती गन्ने की खेत में ले जाकर गैंगरेप किया गया. इस आरोप में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने एक आरोपी की पहचान विमलेश के तौर पर की है, जबकि दूसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस ने मंगलवार को पूरे इलाके में तलाशी ली, लेकिन आरोपी अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं.
मां के पहुंचने से पहले आरोपी फरार
पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को हुई. उन्होंने कहा, “छात्रा अपने पड़ोस के आठ साल के एक लड़के के साथ बकरियां चरा रही थी. विमलेश अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा और दोनों ने कथित तौर पर उसे जबरदस्ती गन्ने के खेत में खींच लिया और घटना को अंजाम दिया.”
उन्होंने आगे कहा, “छात्रा के साथ मौजूद लड़के ने घटना देखी और भागकर उसकी मां को इसकी जानकारी दी, जो करीब आधा किलोमीटर दूर घास काट रही थीं. जब उसकी मां वहां पहुंचीं, तो दोनों आरोपी भाग चुके थे. बाद में छात्रा ने अपने परिवार को घटना के बारे में बताया.”
आरोपियों की तलाश के लिए स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप तैनात
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर, नवाबगंज पुलिस स्टेशन में BNS की संबंधित धाराओं (जिसमें गैंगरेप भी शामिल है) और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद, पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा.
सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) अनुराग आर्य, जिन्होंने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था, ने स्टेशन इंचार्ज को निर्देश दिया कि वे आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें. SSP ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें और स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) को तैनात किया गया है.
पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान करने की भी कोशिश कर रही है.
गांव में तनावपूर्ण स्थिति
वहीं, घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए, पुलिस ने घटनास्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखें.
News Source: PTI
