Best Regional Web Series: अगर आपको लगता है कि OTT पर देखने के लिए सिर्फ हिंदी वेब सीरीज ही काफी हैं, तो शायद अब अपनी वॉचलिस्ट थोड़ी बड़ी करने का समय आ गया है. दरअसल, भारत की रीजनल वेब सीरीज इन दिनों शानदार कहानियों, दमदार एक्टिंग और अलग-अलग लोकल कल्चर की वजह से तेजी से अपनी पहचान बना रही हैं. कहीं मर्डर मिस्ट्री है, कहीं टाइम लूप, तो कहीं गांव में छिपे खौफनाक राज. ऐसे में अगर आप कुछ नया और थोड़ा हटकर देखने के मूड में हैं, तो ये 5 रीजनल सीरीज आपकी अगली बिंज वॉच बन सकती हैं.
कोहरा, नेटफ्लिक्स
पंजाब पर बनी कोहरा की शुरुआत एक NRI दूल्हे की हत्या से होती है, जो शादी से कुछ दिन पहले मारा जाता है. पुलिस अधिकारी अमरपाल गरुंडी और बलबीर सिंह इस केस की जांच शुरू करते हैं. हालांकि, मामला जितना सीधा दिखता है, उतना है नहीं. जांच आगे बढ़ती है तो परिवार के झगड़े, छिपे रिश्ते और पुराने दुश्मनी के किस्से सामने आने लगते हैं. खास बात ये है कि केस सुलझाते-सुलझाते दोनों पुलिसवालों की निजी जिंदगी भी उलझने लगती है.
सुझल: द वोर्टेक्स, अमेजन प्राइम वीडियो
तमिलनाडु के एक छोटे शहर में मंदिर उत्सव के दौरान एक लड़की अचानक गायब हो जाती है. इंस्पेक्टर सक्कराई और सब इंस्पेक्टर नंदिनी उसकी तलाश शुरू करते हैं. फिर जांच में ऐसे राज सामने आते हैं, जिनकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. पुरानी दुश्मनी, परिवार के राज़ और दबे हुए सच इस क्राइम थ्रिलर को लगातार दिलचस्प बनाए रखते हैं. त्योहार के रंगीन माहौल और उसके पीछे छिपे अंधेरे की कहानी इसका सबसे खास हिस्सा है.
Ajay Devgn बनेंगे Crime Patrol के होस्ट, 31 अगस्त से शुरू होगा नया सीजन; जानें पूरी डिटेल
मानवत मर्डर, सोनीलिव
1970 के महाराष्ट्र पर बनी मानवत मर्डर सच्ची घटनाओं से प्रेरित है. पुलिस अधिकारी रामाकांत कुलकर्णी गांव में हो रही हत्याओं की जांच करते हैं. शुरुआत में अलग-अलग लगने वाली हत्याएं धीरे-धीरे एक डरावनी सच्चाई की तरफ इशारा करती हैं. ये सीरीज 1970 के दशक में महाराष्ट्र में हुए मानव बलि से जुड़े सीरियल मर्डर केस पर आधारित है. अगर आपको स्लो बर्न इन्वेस्टिगेशन और रियल क्राइम की कहानियां पसंद हैं, तो इसे जरूर देखें.
केरला क्राइम फाइल्स, जियोहॉटस्टार
मलयालम की ये क्राइम सीरीज कोच्चि के एक लॉज में हुए मर्डर की जांच पर आधारित है. सब-इंस्पेक्टर मनोज और उनकी टीम कुछ सुरागों के साथ हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश करते हैं. यहां कहानी बेवजह ग्लैमर या बड़े ट्विस्ट पर निर्भर नहीं रहती. पुलिस की असली जांच, छोटे-छोटे सुराग और लगातार पूछताछ इसे जमीन से जुड़ा क्राइम ड्रामा बनाते हैं.
विट्ठल टीडी, शेमारूमी
गुजराती सीरीज विट्ठल टीडी में प्रतीक गांधी ने विठ्ठल का किरदार निभाया है. वो जुए के खेल को समझने और अपनी किस्मत पढ़ने में माहिर है. यही हुनर उसे धीरे-धीरे जुए की खतरनाक दुनिया में ले जाता है. यहां पैसा, ताकत और दुश्मनी साथ-साथ चलती है. जैसे-जैसे विठ्ठल इस दुनिया में ऊपर पहुंचता है, उसके सामने मुश्किल फैसले और खतरनाक दुश्मन आते जाते हैं. प्रतीक गांधी की दमदार परफॉर्मेंस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत है.
Mirzapur फिर लौटा है पूरे भौकाल के साथ, जल्द थिएटर्स में दिखेगा कालीन भैया और गुड्डू पंडित का कमाल
