Ahmedabad Crime: अहमदाबाद शहर के शिलज इलाके में हुए व्यवसायी की हत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में भतीजे ने ही अपने फूफा की हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक को महिलाओं के कपड़े पहनने का शौक था.
Ahmedabad Crime: अहमदाबाद शहर के शिलज इलाके में हुए व्यवसायी की हत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना में भतीजे ने ही अपने फूफा की हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक को महिलाओं के कपड़े पहनने का शौक था और इसी राज के खुलने के डर से उसने हत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया. दो दिन पहले शिलज स्थित अवनीश हाइट्स अपार्टमेंट में रहने वाले व्यवसायी मनीषभाई अपने घर में मृत पाए गए थे.
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब उनके बेटे ने फ्लैट में पिता का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बोपल पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुलिस को घर के अंदर किसी जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिले, जिससे शक घर के ही किसी परिचित व्यक्ति पर गया. पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज से मिला पहला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का भतीजा व्रज सोनी पिछले करीब दस दिनों से उनके घर में रह रहा था, लेकिन घटना के बाद से वह अचानक लापता था. इसके बाद पुलिस ने अपार्टमेंट और पार्किंग क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में व्रज सोनी सुबह तड़के एक बैग लेकर फ्लैट से निकलता दिखाई दिया. इतना ही नहीं, वह मृतक की कार लेकर भी फरार होता नजर आया. इसके बाद पुलिस का शक और गहरा हो गया.
पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो पता चला कि फ्लैट से करीब 5 लाख रुपये नकद गायब थे. इसके बाद हत्या के साथ लूट का मामला दर्ज कर विशेष टीम बनाई गई. तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को आरोपी के उदयपुर भागने की जानकारी मिली. अहमदाबाद ग्राम्य पुलिस की टीम तुरंत राजस्थान के उदयपुर पहुंची और आरोपी व्रज सोनी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से लगभग 2 लाख रुपये बरामद किए. साथ ही महिलाओं के अंडरगारमेंट्स भी बरामद हुए, जिससे जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई.
हत्या की वजह ने सबको चौंकाया
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि घटना वाले दिन वह घर से पैसे और महिलाओं के अंडरगारमेंट्स चोरी कर रहा था. उसी दौरान मनीषभाई ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. आरोपी को डर था कि उसका राज परिवार और समाज के सामने खुल जाएगा. बदनामी के डर से उसने मनीषभाई का गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद आरोपी ने घर से नकदी और अपनी बुआ के अंडरगारमेंट्स लेकर फरार हो गया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इससे पहले भी मनीषभाई के घर से करीब 25 हजार रुपये चोरी कर चुका था. उस समय परिवार वालों ने उसकी पिटाई की थी, लेकिन मामला शांत कर दिया गया था. हालांकि इस बार चोरी के दौरान पकड़े जाने पर उसने हत्या जैसा गंभीर अपराध कर दिया.
शहर में सुरक्षा पर उठे सवाल
जांच अधिकारियों के अनुसार आरोपी को महिलाओं के कपड़े पहनने का शौक था, जिसकी जानकारी परिवार के कुछ लोगों को पहले से थी. पुलिस अब आरोपी की मानसिक स्थिति और आपराधिक व्यवहार के पैटर्न की भी जांच कर रही है. फिलहाल आरोपी को अहमदाबाद लाकर पूछताछ जारी है. पुलिस हत्या, लूट और सबूत मिटाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने घटना की पूर्व योजना बनाई थी या वारदात अचानक हुई. इस सनसनीखेज मामले ने शहर में सुरक्षा और पारिवारिक विश्वास को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में निर्भया जैसी हैवानियत: काम से लौट रही महिला से बस में गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
