Heroin Smuggling: जम्मू-कश्मीर में नशा तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को बड़ी कामयाबी मिली है. NCB जम्मू ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कथित अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई में 5.160 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है.
पंछतीर्थी में 5 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद
NCB के मुताबिक, 22 अगस्त को मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर जम्मू के पंछतीर्थी इलाके में एक वाहन को रोका गया. वाहन की तलाशी के दौरान 5.160 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई. मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपी बारामूला के रहने वाले बताए गए हैं.
लेह से पकड़ा गया मास्टरमाइंड
पूछताछ और शुरुआती जांच के दौरान NCB को नेटवर्क से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के बारे में अहम सुराग मिले. जांच एजेंसी के अनुसार, बारामूला निवासी यह व्यक्ति कथित तौर पर नेटवर्क का मास्टरमाइंड और ड्रग सप्लायर था. NCB ने सुरागों के आधार पर उसकी तलाश तेज की और उसे लद्दाख के लेह में 24 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया यानी हेरोइन की बरामदगी के महज दो दिन के भीतर एजेंसी ने कथित मास्टरमाइंड तक पहुंच बना ली.
पाकिस्तान से आई थी हेरोइन?
जांच में प्रथम दृष्टया संकेत मिले हैं कि बरामद हेरोइन किसी संगठित क्रॉस बॉर्डर सप्लाई चेन का हिस्सा हो सकती है. NCB को आशंका है कि ड्रग्स की खेप पाकिस्तान से आई और उरी बॉर्डर सेक्टर के रास्ते भारत में दाखिल हुई. हालांकि, इस पूरे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की अभी जांच की जा रही है. एजेंसी सीमा पार बैठे सप्लायरों, फाइनेंशियल लिंक, ट्रांसपोर्टरों, स्थानीय सहयोगियों और ड्रग्स की आगे होने वाली सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है.NCB का कहना है कि इस ऑपरेशन का फोकस केवल ड्रग्स ले जाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है. एजेंसी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि सप्लाई चेन के हर स्तर तक पहुंचा जा सके.
अगस्त में पहले भी दो बड़ी हेरोइन बरामदगी
जम्मू में NCB की यह कार्रवाई अगस्त महीने में हुई अन्य हेरोइन बरामदगी के बाद सामने आई है. इससे पहले 12 अगस्त को 438 ग्राम और 13 अगस्त को 603 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि NCB जम्मू क्षेत्र में ड्रग तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ इंटेलिजेंस आधारित अभियान तेज कर रही है.
अब जांच का अगला फोकस इस नेटवर्क को मिलने वाली फंडिंग, पाकिस्तान से जुड़े कथित सप्लायरों, ड्रग्स की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाले परिवहन माध्यमों और स्थानीय नेटवर्क पर है. एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद हेरोइन की खेप को जम्मू-कश्मीर के किन इलाकों में पहुंचाया जाना था. NCB ने नागरिकों से नशा तस्करी और नशे की लत के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है.
दिल्ली से रुम्मान उल्ला खान की रिपोर्ट
