Kochi Man Assaulted: केरल के कोची से मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है. अलुवा रेलवे स्टेशन पर दो बदमाशों ने एक शख्स को बेरहमी से पीटा और लूटपाट की. पुलिस ने सोमवार को बताया कि यहां अलुवा रेलवे स्टेशन के पास दो लोगों ने कथित तौर पर एक 28 साल के आदमी पर बुरी तरह हमला किया और लूटपाट की, जिससे उसकी हालत अधमरी हो गई. आदमी की पसलियों और हाथों में कई फ्रैक्चर हो गए. इसके बाद बदमाशों ने घायल को नहर में फेंक दिया.
स्टेशन जाते समय हमला
पीड़ित जोफिन जोजू पास के कोडानाड का रहने वाला है. वह रविवार सुबह अलुवा रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था, तभी कथित तौर पर दो लोगों के गैंग ने उससे संपर्क किया. FIR के मुताबिक, आरोपियों ने पहले जोजू पर पत्थर फेंका, जिससे उसके सिर में चोट लग गई. जब उसने भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे रोक लिया, उसके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और लगातार हमला करते रहे. FIR में कहा गया है कि हमले में उसकी दाहिनी कलाई में फ्रैक्चर और ठुड्डी पर घाव हो गया.
पत्थर से मारकर पसलियां तोड़ी
FIR में कहा गया है कि जब वह जमीन पर लेटा हुआ था, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे लात मारी और उसकी दाहिनी पसली पर ग्रेनाइट के पत्थर से बार-बार मारा, जिससे दाहिनी तरफ तीन फ्रैक्चर हो गए. पुलिस ने बताया कि जान से मारने की धमकी देने के बाद, आरोपियों ने कथित तौर पर उसके बैग से 1,000 रुपये और पहनी हुई चेन निकाल ली. इसके बाद उन्होंने उसे लात मारकर नहर में फेंक दिया.
पुलिस की जांच जारी
आस-पास के किसी व्यक्ति ने नहर में देखा तो जोजू को बाहल निकाला. बाद में जोजू ने अपने दोस्तों से संपर्क किया, जो मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए. पुलिस ने बताया कि अभी उसका एक प्राइवेट अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है. अलुवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कहा कि इलाके के CCTV फुटेज की जांच की गई है और इसी तरह की चोरी के मामलों में शामिल होने के शक में लोगों को ट्रैक किया जा रहा है. अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने कई संदिग्धों की पहचान की है और उनका पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द की बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा.
News Source: PTI
