Nagpur POCSO Accused: नागपुर में यौन उत्पीड़न के आरोपी युवक ने पुलिस से ऐसी डिमांड कर दी कि वे हैरान रह गए. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी कि 19 साल युवक ने पुलिस लॉक-अप के हालात की शिकायत की है और उनसे पिज्जा, मुलायम बिस्तर और मच्छर भगाने वाली क्रीम की मांग की है. उन्होंने बताया कि आरोपी निर्मय माधव पखारे ने अपने और पीड़िता के मोबाइल फोन के पासवर्ड बताने से भी मना कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार होने के बाद आरोपी ने लॉक-अप की शिकायत करते हुए कहा कि यहां की दीवारें बहुत गंदी हैं और टॉयलेट गंदे हैं. उसने नाश्ते में पिज्जा, बढ़िया खाना, मुलायम बिस्तर और मच्छर भगाने वाली क्रीम मांगी. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शुरू में मेडिकल जांच कराने से भी मना कर दिया, लेकिन बाद में उसे टेस्ट के लिए ले जाया गया.
क्या है पूरा मामला
16 साल की लड़की की दोस्ती ठाणे के माधव पखारे से इंस्टाग्राम पर हुई थी. पुलिस के मुताबिक उसने कथित तौर पर लड़की को नागपुर के एक किराए के घर में 30 घंटे से ज़्यादा समय तक बंधक बनाकर रखा, उसके हाथ-पैर बांध दिए और बार-बार उसका यौन उत्पीड़न किया. पुलिस ने सोमवार देर रात शहर के दिघोरी इलाके में कमरे का दरवाज़ा तोड़कर लड़की को बचाया. नागपुर की नाबालिग 2 अगस्त को लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिवार ने हुडकेश्वर पुलिस से संपर्क किया. एक अधिकारी ने बताया कि टेक्निकल जानकारी का इस्तेमाल करके पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे बचा लिया.
नकली अकाउंट से बात करता था युवक
पीड़िता बिस्तर पर हाथ-पैर बंधे हुए मिली, उसके शरीर पर करीब 20 चोटें थीं, जिसमें उसकी कलाई और गर्दन पर चाकू के घाव भी शामिल थे. लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि पखारे ने पिछले साल एक नकली इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था, जिसमें उसने खुद को “आकाश मेहरा” बताया था. वह लड़की का दोस्त बन गया और दोनों के बीच चैटिंग शुरू हो गई.
POCSO के तहत केस दर्ज
आरोपी ने लड़की की प्राइवेट तस्वीरों को ऑनलाइन फैलाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. डर के मारे, वह कथित तौर पर उससे मिलती रही. पुलिस के मुताबिक, उसने पहले कथित तौर पर एक होटल में उसका यौन उत्पीड़न किया. बाद में जब भी वह नागपुर आता था, तो उसे दिघोरी में किराए के कमरे में बुलाता था. पखारे के खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट और किडनैपिंग के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस चल रही जांच के तहत पखारे के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है.
‘सॉरी, मैं ठीक नहीं हूं’, शादी के 8 महीने बाद महिला ने लगाई फांसी, ससुराल वाले मांग रहे थे बड़ी कार
News Source: PTI
