Panchkula Crime News: हरियाणा के पंचकुला से एक घटना की खबर सामने आई है. आरोप है कि घर की नौकरानी ने रिटायर्ड आर्मी कैप्टन की पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस इस मामले में आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पंचकूला में सेना के एक रिटायर्ड कैप्टन की 72 वर्षीय पत्नी की हत्या कथित तौर पर उनके घरेलू सहायक ने कर दी. हत्या की वजह कुछ गहने गायब होने को लेकर हुई बहस बताई जा रही है.
घर की छत से नीरा मेहता का शव बरामद- पुलिस
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-21 में एक घर की छत से नीरा मेहता का शव बरामद किया गया. पुलिस ने यह भी बताया कि इस हत्या के मामले में मेड, उसके पति और बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि उन्होंने 24 घंटे के भीतर ही बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी सुलझा ली और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गहने चोरी होने के शक में नौकरानी के घर गईं थीं नीरा
पंचकूला की डीसीपी अदिति सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सोमवार को पंचकूला के रहने वाले सेना के रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी.
उन्होंने शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी, नीरा मेहता, घर से गहने चोरी होने के शक में सेक्टर-21 में रहने वाली अपनी घरेलू सहायिका के घर गई थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं. डीसीपी ने बताया कि पुलिस तुरंत घरेलू सहायिका के घर पहुंची, जो बाहर से बंद था. पड़ोस के घर की छत से पुलिस ने देखा कि महिला का शव एक चटाई में लिपटा हुआ पास के घर की छत पर पड़ा था.
पति और बेटे के साथ मेड सुनीता गिरफ्तार
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1) (हत्या), 238(B) (सबूत मिटाना), 3(5) (कई लोगों द्वारा मिलकर आपराधिक काम करना) और 305 (चोरी) के तहत सेक्टर-20 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. DCP ने बताया कि तेजी से की गई जांच के दौरान, सेक्टर-21 पुलिस पोस्ट की टीम ने मुख्य आरोपी मेड सुनीता, उसके पति शंकर और उसके बेटे राजा को पंचकूला से गिरफ्तार किया.
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि चोरी के शक को लेकर हुई बहस हाथापाई में बदल गई, जिसमें बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगी. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कई सालों से पंचकूला में रह रहे हैं. डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि पुलिस रिमांड लेने के लिए तीनों आरोपियों को बुधवार को पंचकूला की अदालत में पेश किया जाएगा.
News Source: PTI
