Woman Pours Glue on Infant: कलयुग में किसी पर भी भरोसा नहीं किया जा सकता, क्योंकि कुछ लोग रिश्तों को भूलकर हैवान बन जाते हैं. महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान करने वाला मामला आया है, जहां रिश्ते में मौसी लगने वाली महिला ने अपने भतीजे के साथ खौफनाक काम किया है. महिला पर आरोप है कि उसने बच्चे की मां से हुए झगड़े में अपने नौ महीने के भतीजे के मुंह में इंस्टेंट सुपरग्लू डाल दिया. अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी दी कि यह घटना 31 जुलाई को शहर के लोहागांव इलाके में हुई. पुणे में पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
मौसी समेत तीन पर केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि बच्चे का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है. बच्चे के पिता की लोहागांव पुलिस स्टेशन में दी गई शिकायत के आधार पर महिला के दो और रिश्तेदारों पर भी भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. आरोपी सानिया शेख, नौ साल के बच्चे मौसी लगती है. एक अधिकारी ने कहा, “अपनी शुरुआती जांच में, पुलिस को पता चला कि आरोपी का शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ लंबे समय से घरेलू झगड़ा चल रहा था. इस वजह से उसने बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की.
अपराध के बाद दी धमकी
पुलिस के मुताबिक, सानिया शेख ने 31 जुलाई को कथित तौर पर लोहागांव में शिकायतकर्ता के घर पर बच्चे के मुंह में इंस्टेंट सुपरग्लू डाल दिया, जिससे बच्चा तड़पने लगा. बच्चे को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां अभी उसका इलाज चल रहा है.” उन्होंने कहा कि आरोपी महिला के दो रिश्तेदारों पर भी लड़के की मां को पुलिस के पास न जाने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि बच्चा फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है.
बच्ची को पिलाया एसिड
इससे पहले बच्ची से दरिंदगी का एक मामला राजस्थान के भिवाड़ी से भी सामने आया था. जानकारी के मुताबिक, एक मां ने अपनी ही 8 महीने की बेटी को एसिड पिला दिया. घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई और उसे अस्पताल ले जाया गया. हालत बिगड़ने पर बच्ची को अलवर चिल्ड्रन हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों का कहना है कि काव्या नाम की बच्ची को लगातार ब्लीडिंग हो रही है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.
News Source: PTI
