UP Murder-Suicide: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को बैंक कर्मचारी ने पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुद को गोली मार ली. तीन मौत से प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब 12:15 बजे गोमती नगर इलाके में एक बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी (जो एक बैंक अधिकारी थीं) और अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद फिर खुद को भी गोली मार ली. खुदकुशी करने से पहले WhatsApp स्टेटस पर आरोपी मानस मिश्रा ने आरोप लगाया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या इसलिए की क्योंकि उसने उसे धोखा दिया था.
वैवाहिक विवाद में पति ने उठाया कदम
यह घटना गोमती नगर में ICICI बैंक की एक ब्रांच के बाहर हुई, जहां दिव्या मिश्रा (37) रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर काम करती थीं. पुलिस के मुताबिक, वह अपनी कार में थीं तभी उनके पति मानस ने उन्हें बाहर बुलाया और गोली मारकर मौके से भाग गए. पुलिस ने बताया कि आरोपी का दिव्या के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा था. घटना के बाद बैंक पहुंचे ADCP (ईस्ट) अमोल मुरकुट ने बताया कि महिला पिछले तीन-चार साल से वहां काम कर रही थी. अधिकारी ने कहा कि बैंक में महिला के साथ काम करने वाले लोगों ने हमलावर की पहचान उसके पति के तौर पर की.
पुलिस कमिश्नर ने लिया जायजा
पुलिस ने बताया कि बाद में आरोपी का पता हुसारिया इलाके में चला, जहां उसने अपनी बहन शीबा बाजपेयी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारी. लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने बताया कि जांच चल रही है और फोरेंसिक टीमें गोलीबारी से जुड़ी जगहों से सबूतों की जांच कर रही है. इस घटना से पहले मानस ने WhatsApp स्टेटस पर लिखा था कि वह खुदकुशी करने और अपनी बहन को मारने की योजना बना रहा है.
पुलिस कर रही घटना की जांच
उसने आरोप लगाया कि दिव्या की बहन प्रज्ञा और उसके पति भरत यादव को इस मामले की पूरी जानकारी थी. जिस जगह मानस रहता था, वहीं किराए पर रेस्टोरेंट चलाने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसने मानस को तेज़ी से घर के अंदर जाते देखा था. वह बुरी तरह पसीने से तर-बतर था और ऐसा लग रहा था कि बैंक के पास गोली चलने की घटना के तुरंत बाद वह वहां आया है. रेस्टोरेंट मालिक ने कहा कि मैंने उससे पूछा भी था कि भैया, क्या बात है? आप परेशान लग रहे हैं, लेकिन उसने कहा कि कोई बात नहीं है, बस ऑफिस से जुड़ी कुछ दिक्कतें हैं. फिर वह अंदर चला गया. लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है.
गुजरात में नकली शराब बनी काल, 7 लोगों की मौत, 30 अस्पताल में भर्ती, हिरासत में 12 तस्कर
News Source: PTI
