Home Latest News & Updates NEET परीक्षा ने देश को झकझोरा! जानें बीते 10 सालों में कब-कब हुआ एग्जाम लीक; फिर मचा भारी हंगामा

NEET परीक्षा ने देश को झकझोरा! जानें बीते 10 सालों में कब-कब हुआ एग्जाम लीक; फिर मचा भारी हंगामा

by Sachin Kumar
0 comment
NEET UG Paper Leak

NEET UG Paper Leak : नीट यूजी परीक्षा लीक होने के बाद देश भर में अभ्यर्थी काफी नाराज हैं और अब सोशल मीडिया पर भी सवाल खड़े होने लग गए हैं. साथ ही अब केंद्र सरकार को भी घेरना शुरू कर दिया है और सोशल मीडिया पर सवाल पूछे जा रहे हैं कि इतनी बड़ी परीक्षाएं लीक कैसे हो जाती हैं? 3 मई, 2026 को आयोजित होने वाली नीट यूजी परीक्षा अंततः रद्द कर दी गई हैं. लेकिन इसके साथ ही एक पुराना और असहज सवाल फिर हमारे सामने खड़ा है कि आखिर इस व्यवस्था की विफलताओं की कीमत हर बार छात्र ही क्यों चुकाते हैं? साथ ही किसी परीक्षा का रद्द हो जाना छात्रों के लिए केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं होता है. वह कई बार वर्षों की मेहनत, अनुशासन, तनाव और उम्मीदों पर अचानक लगा विराम होता है. जिन बच्चों ने रात-दिन एक कर तैयारी की हो, जिन्होंने अपनी नींद, अपनी सहजता और अपने छोटे-छोटे सुख तक दांव पर लगा दिए हों. उनके लिए परीक्षा का निरस्त होना भीतर तक तोड़ देने वाला अनुभव होता है.

खास बात यह है कि ऐसे फैसले अक्सर प्रशासनिक भाषा में सुनाए जाते हैं, मानो बात लाखों संवेदनशील युवा मनों की नहीं, किसी फाइल के महज स्थगित होने की हो. कई दफा सरकारें प्रश्नपत्र लीक या फिर तकनीकी कारणों का हवाला देती हैं वह शासन केवल प्रक्रियाओं से नहीं चलता, उसमें संवेदना भी होनी चाहिए. ऐसे ही कई परीक्षाओं के लीक होने की बातें हम सिले सिलेवार तरीके से बताएंगे कि कब-कब देश में परीक्षाएं लीक हुईं और अभ्यर्थियों की संवेदनाएं एक झटके में टूट गईं. साथ ही कई बार उनकी संवेदनाएं भी गुस्सा बनकर सड़कों फूट पड़ी और भारी संख्या में लोगों ने सड़कों पर आंदोलन किया.

यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक मामले में HC में पेंडिंग याचिकाओं पर SC का नोटिस, अगली सुनवाई 18 जुलाई को

AIPMT पेपर लीक 2015

3 मई 2015 को AIPMT (ऑल इंडिया प्री-मेडिकल/प्री-डेंटल टेस्ट) परीक्षाएं आयोजित की गईं. फिर कुछ समय बाद खबर आई कि 10 राज्यों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए प्रश्न पत्र और उत्तर कुंजी लीक हो गई. फिर मामले ने तूल पकड़ लिया और देश भर में इसके खिलाफ आंदोलन होने लगे. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया और कोर्ट ने परीक्षा दोबारा करवाने का फैसला किया. वहीं, CBSE ने परीक्षा रद्द करवा दी और चार हफ्तों के भीतर दोबारा परीक्षा करवाने का फैसला किया.

NEET UG Paper Leak

SSC CGL पर भी मचा था हंगामा

SSC CGL 2017 परीक्षा पेपर लीक होने के बाद हजारों की संख्या में लाखों अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) के कार्यालय के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान स्टूडेंट्स ने टियर-2 के पेपर को सोशल मीडिया पर लीक होने और धांधली का आरोप लगाया था. उस दौरान स्टूडेंट्स ने सीबीआई की जांच की मांग की और सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा प्रणाली को दागी मानते हुए 2019 में परिणाम जारी करने की अनुमति दी गई, लेकिन पूरी परीक्षा रद्दी नहीं की गई.

NEET UG Paper Leak

यह भी पढ़ें-NEET पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन, पेपर चुराने वाले आरोपी को CBI ने किया गिरफ्तार

CBSE कक्षा 10 और 12वीं पेपर लीक, 2018

साल 2018 में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के दौरान पेपर लीक की घटना सामने आई थीं. उस दौरान 10वीं की गणित और 12वीं की अर्थशास्त्र की परीक्षा व्हाट्सएप पर वायरल हो गई थी. वहीं, लीक होने की पुष्टि होने के बाद CBSE ने दोनों एग्जाम को फिर से आयोजित करवाने की घोषणा कर दी. बता दें कि 12वीं अर्थशास्त्र की परीक्षा को 25 अप्रैल 2018 को आयोजित करवा दी गई थी.

REET पेपर लीक 2021

रीट परीक्षा 2021 लीक होने का मामला राजस्थान की सबसे बड़ी धांधलियों में से एक था. इसके बाद रीट लेवल-2 की परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी. तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फरवरी 2022 में परीक्षा रद्द करवाने का ऐलान किया था. मामले के तूल पकड़ने के बाद माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. धर्मपाल जारौली को बर्खास्त कर दिया. साथ ही बोर्ड सचिव सहित कई अन्य अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था.

NEET UG Paper Leak

यह भी पढ़ें- NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI को मिली एक और कामयाबी, MBBS के दो छात्रों को किया गिरफ्तार

BPSC परीक्षा लीक विवाद (2022)

BPSC 67वीं प्रारंभिक परीक्षा (2022) लीक हो गई थी और उसके बाद पूरे बिहार में आंदोलन शुरू हो गया था. बताया जाता है कि परीक्षा शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद रद्द कर दिया था. पेपर लीक होने की सबसे पहली खबर तार आरा के वीर कुंवर सिंह कॉलेज से आई थी और यह धीरे-धीरे पूरे राज्य में फैल गई थी. डीजीपी ने मामला जांच के लिए ‘आर्थिक अपराध इकाई’ को सौंप दिया था और जांच के बाद परीक्षा को फिर से आयोजित करवाया गया. साथ ही इस दौरान कई लोगों की भी गिरफ्तारी हुई.

OSSSC 2023 परीक्षा रद्द

ओडिशा अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग (OSSSC) ने संयुक्त भर्ती परीक्षा 2023 के तहत राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक, ICDS पर्यवेक्षक और अमीन एवं सांख्यिकीय क्षेत्र सर्वेक्षक के पदों के लिए मुख्य परीक्षा रद्द कर दी. OSSSC द्वारा बुधवार को जारी एक नोटिस के अनुसार, मुख्य परीक्षा 1 अगस्त से 4 सितंबर तक आयोजित की जानी थी. इन पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद कानूनी चुनौती के जवाब में परीक्षा रद्द कर दी गई थी. उस दौरान डीजीपी विनयतोष मिश्रा ने कहा था कि अब तक हमने सरगना जीतन मोहराना सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया, जो BSE के कार्यालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था.

यह भी पढ़ें- ओडिशा में शिक्षक भर्ती पेपर लीक मामलाः सरगना सहित 6 को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुख्य परीक्षा रद्द

UKSSSC 2023 पेपर लीक

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तर की परीक्षा 21 सितंबर 2023 लीक हो गई थी. इसके बाद लाखों युवाओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार का जमकर विरोध किया था. साथ ही उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्रों ने देहरादून के परेड ग्राउंड के बाहर सड़क पर तंबू लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. इसके बाद सरकार ने भारी दबाव के बीच परीक्षा रद्द कर दी वहीं, सरकार ने जांच SIT को सौंप दी थी और उस मुख्य आरोपी खालिद समय कई लोगों की गिरफ्तारी कर लिया गया था.

NEET UG Paper Leak

B.SC नर्सिंग का पेपर लीक 2025

जयपुर में 2025 को B.SC नर्सिंग का पेपर लीक हो गया था और राजस्थान विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी. विश्वविद्यालय इस परीक्षा को फिर से करवाने के लिए ऐलान करना पड़ा था. राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय जयपुर के B.SC नर्सिंग पाठ्यक्रम के द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर के पेपर लीक हो गए. ये पेपर 23, 24 एवं 25 जनवरी 2025 को आयोजित किए गए थे. परीक्षाओं के प्रश्न-पत्र की गोपनीयता भंग होने की सूचना पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से जांच हेतु एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर दिया था.

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में पेपर लीक मामले ने पकड़ा तूल, हजारों युवा धरने पर बैठे, दो गिरफ्तार, SIT का गठन

NEET-UG 2024 विवाद

साल 2024 में NEET-UG की कथित परीक्षा लीक वाला मामले पर उस वक्त भारी विवाद हो गया था, जब असामान्य रूप से उच्च स्कोर और 1,563 उम्मीदवारों को दिए गए ग्रेस मार्क्स दिए गए थे. हालांकि, एनटीए ने शुरुआत में अनियमितताओं से इनकार किया था. इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया और इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी गई. इस दौरान बिहार और गुजरात में पेपर लीक का मामला सामने आया. साथ ही एजेंसी की जांच में सामने आया कि झारखंड के हज़ारीबाग स्थित ओएसिस स्कूल से पेपर लीक की शुरुआत हुई थी. बता दें कि 4 जून 2024 को घोषित परिणामों में रिकॉर्ड 67 छात्रों ने 720/720 अंक प्राप्त कर AIR-1 हासिल की और इनमें से कई स्टूडेंट ने एक ही परीक्षा केंद्र में बैठकर एग्जाम दिया था.

पेपर लीक के कारण रद्द हुई परीक्षा

UP पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा (60,244 पद) की फरवरी 2024 को पेपर लीक के कारण रद्द कर दिया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 महीने के भीतर दोबारा परीक्षा कराने का आश्वासन दिया. अब, यह परीक्षा अगस्त 2024 में 23, 24, 25, 30 और 31 तारीख को आयोजित कर दी गई थी.

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में पेपर लीक रोकने को बना देश का सबसे कठोर कानून, 10 साल की जेल और 1 करोड़ का जुर्माना

बीते कई सालों से सरकारी नौकरी और एंट्रेस एग्जाम लीक होने की खबरें लगातार आ रही है. इसी कड़ी में ताजा मामला नीट यूजी परीक्षा रद्द करने वाला मामला सामने आया है और देश भर में सरकार की आलोचना हो रही है. 3 मई को देश भर में परीक्षा आयोजन करवाया गया था. इसके बाद राजस्थान के सीकर से नीट यूजी 2026 पेपर लीक का मामला सामने आया. फिर राजस्थान पुलिस (SOG) ने मामले की जांच शुरू कर दी और जांच के दौरान पता चला कि नीट का एग्जाम ‘क्वेश्चन बैंक’के जरिए लीक किया गया. ये सभी सवाल हाथ से लिखे गए और इनकी हैंडराइटिंग भी एक तरह की थी. वहीं, एनटीए डीजी अभिषेक सिंह ने कहा कि इस गड़बड़ी के लिए हम जिम्मेदार हैं. हम 6 से 8 दिन के भीतर दोबारा परीक्षा कब होगी इसका ऐलान होगा.

बता दें कि नीट के अलावा देश भर में कई विभागों और एंट्रेस एग्जाम के पेपर लीक हुए हैं. यह मामला अभी से शुरू नहीं हुआ है यह बीते कई सालों से हो रहा है. राज्य सरकारों ने इस मामले में कई कानून भी बनाए हैं. इसके बाद पेपर लीक की घटना कम नहीं हो रही हैं. नीट एग्जाम लीग होने की एक परंपरा विकसित हो गई है और इस साल भी यह चीज जारी रही. हालांकि, एनटीए ने अपनी गलती को स्वीकार किया है और जल्द ही परीक्षा करवाने का फैसला किया है. साथ ही एजेंसी ने स्टूडेंट्स से दोबारा फीस नहीं लेने की बात कही है और सभी छात्र एग्जाम में बैठने के योग्य होंगे.

Follow Us On: Facebook | X | LinkedIn | YouTube Instagram

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?