Kohrra 2: मोना सिंह और वरुण सोबती स्टारर वेब सीरीज़ ‘कोहरा सीजन 2’ लोगों को खूब पसंद आ रही है. इन स्टार्स के अलावा सीरीज़ में एक सरप्राइज एंट्री भी है, जिसके बारे में ज्यादा बातें हो रही हैं.
12 February, 2026
ओटीटी की दुनिया में इन दिनों अगर किसी शो का डंका बज रहा है, तो वो है ‘कोहरा सीजन 2’. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही ये सीरीज इंडिया की टॉप 10 लिस्ट में पहले नंबर पर काब्ज़ा जमाए हुए है. बरुण सोबती का देसी अंदाज और मोना सिंह का कड़क पुलिस वाला रौब, फैंस का दिल जीत रहा है. हालांकि, इस बार चर्चा सिर्फ इनकी एक्टिंग की नहीं, बल्कि एक ऐसे सीक्रेट कैमियो की हो रही है जिसने ऑडियन्स के होश उड़ा दिए हैं. अगर आपने भी ये सीरीज़ देखी है, तो आपको एपिसोड 4 का सरप्राइज़ जरूर याद होगा.

ब्लिंक एंड मिस
अगर आप ‘द फैमिली मैन 3’ देख चुके हैं, तो आपने इस स्टार को जरूर नोटिस किया होगा. दरअसल, हम बात कर रहे हैं एक्टिंग के उस्ताद जयदीप अहलावत की. ‘कोहरा 2’ के चौथे एपिसोड में जयदीप अहलावत एक बहुत ही छोटे लेकिन खास रोल में दिखाई दिए हैं. जब इंस्पेक्टर धनवंत यानी मोना सिंह और सब-इंस्पेक्टर गरुंडी वरुण सोबती मेन सस्पेक्ट पम्मा की तलाश में जुटे होते हैं, तब एक रेलवे लाइनमैन उनकी मदद करता है. ये लाइनमैन कोई और नहीं बल्कि खुद जयदीप अहलावत हैं. जयदीप को स्क्रीन पर ‘रेलवे लाइनमैन’ के रोल में देखना फैंस के लिए किसी सरप्राइज गिफ्ट से कम नहीं था. हालांकि, उनका रोल बहुत छोटा था, लेकिन जयदीप की मौजूदगी ने उस सीन में जान डाल दी.
यह भी पढ़ेंः बवाल मचा तो बदल गए फिल्मों के नाम, ‘बिल्लू’ से ‘घूसखोर पंडत’ तक, कुछ ऐसा रहा टाइटल बदलने का सफर
पुरानी दोस्ती का असर
अब आप सोच रहे होंगे कि इतने बड़े एक्टर ने इतना छोटा रोल क्यों किया? दरअसल, इसके पीछे पुरानी दोस्ती है. ‘कोहरा’ के को-क्रिएटर सुदीप शर्मा वही शख्स हैं जिन्होंने जयदीप अहलावत की सुपरहिट वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ बनाई है. हाथीराम चौधरी के किरदार से जयदीप को घर-घर में पहचान दिलाने वाले सुदीप शर्मा के लिए जयदीप ने ये छोटा सा कैमियो किया. वैसे, ओटीटी लवर्स के लिए ‘पाताल लोक’ के क्रिएटर और एक्टर का ये रीयूनियन काफी शानदार है.

सीजन 2 की कहानी
साल 2023 में जब ‘कोहरा’ का पहला सीजन रिलीज़ हुआ था, तब उसने मर्डर मिस्ट्री के मामले में नए लेवल सेट कर दिए थे. वहीं, दूसरे सीजन पर उम्मीदों का भारी बोझ था, खासकर इसलिए क्योंकि इस बार पिछले सीजन के स्टार सुरविंदर विक्की शो का हिस्सा नहीं हैं. वहीं, मोना सिंह की एंट्री ने इस कमी को पूरा कर दिया. ‘कोहरा’ के सीजन 2 की कहानी पहले से कहीं ज्यादा उलझी हुई और दिलचस्प है. सिर्फ 6 एपिसोड्स में सिमटी ये वेब सीरीज आपको लास्ट तक बांधे रखती है. सबसे अच्छी बात ये है कि सीरीज़ सिर्फ मार-धाड़ या खून-खराबे पर नहीं, बल्कि कैरेक्टर्स के इमोशन्स और उलझे हुए रिश्तों पर भी फोकस करती है. बरुण सोबती और मोना सिंह की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इस थ्रिलर को और भी मजेदार बना देती है.
यह भी पढ़ेंः तिहाड़ में ‘छोटा डॉन’,बाहर खड़े हैं सिंघम और सुल्तान! Rajpal Yadav के लिए इंडस्ट्री ने खोला अपना खज़ाना
