Bangkok Pub Fire: थाईलैंड से भीषण अगलगी की एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां की राजधानी बैंकॉक के एक पब में भयानक आग लग गई, जिसमें अभी तक 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है और कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना आज सोमवार तड़के (सुबह) की बताई जा रही है. आग की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
27 लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि आज तड़के बैंकॉक के एक पब में भीषण आग लग गई. इसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है. आग की सूचना मिलने पर मौके पर फायरफाइटर्स पहुंचे और आग पर काबू पाया लिया.
रेस्क्यू टीम के द्वारा सोशल मीडिया पर एक फुटेज शेयर की गई है. इसमें थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी भाग में स्थित ना लाडप्राओ पब (Na Ladprao pub) के सामने के दरवाजे से भीषण आग और धुएं के गुबार निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं. आसमान में उठते घने व काले धुएं के बीच लोग भागने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. बचाव दल ने बताया कि आग लगने की सूचना आधी रात के बाद या उसके आसपास मिली थी.
पब में विस्फोट की आवाज सुनाई दी- पीएम
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि 27 लोगों की मौत हो गई है और कई घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण की जांच चल रही है.
पीएम अनुतिन ने बताया कि पब में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने उन्हें बताया कि बिजली जाने से पहले उसने मंच के पास एक सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलते देखा, फिर एक विस्फोट की आवाज सुनाई दी और घना धुआं तेजी से पूरे स्थान में फैल गया.
अनुतिन ने आगे बताया कि कई पीड़ित पब के पीछे स्थित शौचालयों में पाए गए. दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब आधा घंटा लगा. आग बुझाने के बाद की तस्वीरों में जली हुई मेजें, कुर्सियां और पब का क्षतिग्रस्त आंतरिक भाग दिखाई दे रहा था.
थाईलैंड में पहले भी इसी तरह की त्रासदी
मालूम हो कि थाईलैंड में पहले भी इसी तरह की त्रासदी देखी गई है. 2022 में, देश के पूर्वी हिस्से में एक संगीत पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी. करीब 16 साल पहले, 1 जनवरी, 2009 को थाईलैंड की राजधानी में संतिका नाइटक्लब में नए साल की पूर्व संध्या के जश्न के दौरान आग लग गई थी. इसमें करीब 66 लोग मारे गए थे और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे.
बैंकॉक में हालिया आग ने एक बार फिर से पब में सुरक्षा नियमों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि यह आग क्लब के अंदर आतिशबाजी के प्रदर्शन के कारण लगी थी, हालांकि, मामले की जांच जारी है.
अल्मेरिया में आग का तांडवः मरने वालों में 4 ब्रिटिश नागरिक, 19 अब भी लापता, कई गाड़ियां राख
News Source: PTI
