Home Top News बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग संकट में : सड़कों पर उतरे हजारों मजदूर, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग संकट में : सड़कों पर उतरे हजारों मजदूर, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

by Sanjay Kumar Srivastava 17 November 2026, 1:57 PM IST
17 November 2026, 1:57 PM IST
बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग संकट में: सड़कों पर उतरे हजारों मजदूर, उग्र प्रदर्शन, हाईवे जाम, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

Garment Workers Protest: बांग्लादेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में मंगलवार को गारमेंट (कपड़ा) उद्योग के हजारों कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए. कर्मचारियों ने उग्र विरोध-प्रदर्शन किया. ढाका के कई हिस्सों सहित सावर और आशुलिया में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुईं. उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड दागने पड़े. इस दौरान सावर में प्रदर्शनकारियों ने ढाका-अरिचा हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात ठप हो गया.

मजदूरी 30,000 टका करने की मांग

40 लाख से अधिक श्रमिकों वाले इस अहम क्षेत्र के कर्मचारी अपनी न्यूनतम मासिक मजदूरी 12,500 टका से बढ़ाकर 30,000 टका करने की मांग पर अड़े हुए हैं. विरोध-प्रदर्शनों के चलते देश के सबसे बड़े निर्यात उद्योग में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है.चीन के बाद बांग्लादेश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा निर्यातक देश है. इस क्षेत्र में 40 लाख से अधिक कर्मचारी काम करते हैं और देश की कुल निर्यात कमाई में इसका योगदान 80 प्रतिशत से अधिक है. श्रमिकों का कहना है कि भोजन, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत के कारण उनका गुजारा करना मुश्किल हो गया है. काम में रुकावट आने से उत्पादन और आपूर्ति पर खतरा मंडरा रहा है.

फुलबारिया इलाके में किया हाईवे जाम

मंगलवार सुबह ढाका के मीरपुर इलाके में, दारुस सलाम और शाह अली पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में गारमेंट कर्मचारी इकट्ठा हुए और मीरपुर-10 गोलचक्कर की ओर बढ़ने की कोशिश की. मीरपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी हफीजुर रहमान ने बताया कि पुलिस ने उन्हें रोका और बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए साउंड ग्रेनेड छोड़े. सावर में श्रमिकों ने फुलबारिया इलाके में ढाका-अरिचा राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ का यातायात बाधित हो गया. जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आने-जाने वालों को काफी परेशानी हुई. इससे पहले हेमायतपुर के पदमार मोर इलाके और आशुलिया के खेजुर बागान और जामगोरा इलाकों में झड़पें हुईं और लोगों को खदेड़ा गया.

कई फैक्ट्रियां बंद

श्रमिकों ने टायर और कचरा जलाकर सड़कों को जाम करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बल ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ (BGB) के जवानों ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया. इस औद्योगिक अशांति का असर फैक्ट्रियों के कामकाज पर भी पड़ा. मंगलवार को औद्योगिक क्षेत्र की आठ फैक्ट्रियां बंद रहीं, जबकि तीन अन्य ने सामान्य अवकाश की घोषणा कर दी और पांच फैक्ट्रियों के श्रमिकों ने काम करना बंद कर दिया. फैक्ट्री मालिकों ने चेतावनी दी है कि वसंत और गर्मियों के ऑर्डर के लिए उत्पादन के सबसे व्यस्त सीजन में लंबे समय तक काम बाधित रहने से शिपमेंट में देरी हो सकती है. विदेशी खरीदारों का भरोसा डगमगा सकता है और ऑर्डर रद्द भी हो सकते हैं.

नेपाल में भीषण हादसा : बागमती प्रांत में एक हजार फीट गहरी खाई में गिरी बस, 11 की मौत, 6 घायल, मची चीखपुकार

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?