India ASEAN Trade: भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के रिश्ते अब सिर्फ दोस्ती और संस्कृति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कारोबार, तकनीक, सुरक्षा और निवेश के मोर्चे पर भी तेजी से मजबूत हो रहे हैं. इसकी एक बड़ी झलक वित्त वर्ष 2025-26 के व्यापारिक आंकड़ों में देखने को मिली है. भारत और आसियान देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 128.37 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है. वहीं, साल 2000 से 2025 के बीच आसियान देशों ने भारत में करीब 196.96 अरब डॉलर का निवेश किया है. इन मजबूत होते रिश्तों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे हैं. वो 16 से 17 नवंबर तक वहां रहेंगे और 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के साथ 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे. विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी देते हुए भारत-आसियान साझेदारी की उपलब्धियां भी साझा कीं.
भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी
आसियान यानी एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस 11 सदस्य देशों का संगठन है. भारत के लिए ये क्षेत्र रणनीतिक और आर्थिक दोनों लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, आसियान भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक विजन का अहम स्तंभ है. साल 2022 में भारत और आसियान ने अपने रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था. साल 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में भी मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने रवाना होने से पहले कहा कि भारत और आसियान के रिश्ते सदियों पुराने सांस्कृतिक संपर्कों पर आधारित हैं. आज ये साझेदारी व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और लोगों के आपसी संबंधों तक फैल चुकी है.
बढ़ रही साझेदारी
भारत और आसियान के बीच सहयोग अब कई नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है. दोनों पक्ष हवाई संपर्क बढ़ाने के साथ डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडिया स्टैक की सुविधाओं को भी क्षेत्र में विस्तार देने पर काम कर रहे हैं. शिक्षा के क्षेत्र में भी अच्छी प्रगति हुई है. नालंदा यूनिवर्सिटी में आसियान देशों के 500 से ज्यादा छात्र स्कॉलरशिप का लाभ उठा चुके हैं. यहां 2025 में घोषित साउथईस्ट एशियन स्टडीज सेंटर भी काम कर रहा है. इसके अलावा डिजिटल भविष्य के लिए आसियान-भारत फंड के जरिए तकनीकी सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है. बाली में तीसरा आसियान-भारत ज़मीनी स्तर नवाचार मंच भी आयोजित किया गया. इसके अलावा महिला वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के लिए जुलाई 2026 में कंबोडिया में दूसरा वुमन साइंटिस्ट कोन्क्लेव आयोजित किया गया. वहीं, आसियान देशों की महिला शांति सैनिकों के लिए भारत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चला रहा है.
भारत की भूमिका
भारत और आसियान के बीच समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. साल 2025 में दूसरी आसियान-भारत समुद्री अभ्यास आयोजित की गई थी. भारत ने आपदा के समय भी क्षेत्रीय देशों की मदद की है. जनवरी 2026 में सुपर टाइफून के बाद फिलीपींस को 30 टन राहत सामग्री भेजी गई थी. विदेश मंत्रालय के अनुसार, 2014 से अब तक भारत और आसियान के बीच 100 से ज्यादा विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं. इनके लिए अलग-अलग फंड के माध्यम से 35 मिलियन डॉलर की सहायता दी गई है. इसके अलावा ASEAN देशों ने भारत के ITEC कार्यक्रम के तहत 10 हजार से ज्यादा ट्रेनिंग स्लॉट का इस्तेमाल किया है.
दोस्ती की मजबूत कड़ी
दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी बढ़ रहा है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, आसियान में आने वाले विदेशी पर्यटकों के मामले में भारत चौथा सबसे बड़ा स्रोत है. साल 2025 को आसियान-भारत पर्यटन वर्ष के रूप में मनाया गया था. मनीला दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी क्षेत्रीय नेताओं के साथ व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा और विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे. वो फिलीपींस में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं. प्रधानमंत्री का ये दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत करना चाहता है. ऐसे में 128.37 अरब डॉलर का व्यापार सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत और आसियान के बीच बढ़ते भरोसे और साझेदारी की कहानी भी है.
News Source: ANI
गाजा में इजराइल का भीषण हमला, हमास के टॉप कमांडर की मौत, ईरान ने अमेरिकी रडार को बनाया निशाना
