Andhra Pradesh Weather: बंगाल की खाड़ी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. यहां बना गहरा दबाव अब खतरनाक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ये सिस्टम 17 नवंबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके बाद 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर चेतावनी जारी की है. ऐसे में आने वाले कुछ दिन आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के लिए काफी अहम रहने वाले हैं.
कहां है चक्रवाती सिस्टम?
IMD के अमरावती मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे यह गहरा दबाव दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में मौजूद था. ये पिछले छह घंटों में 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ रहा था. ये चेन्नई से करीब 700 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व, विशाखापत्तनम से 800 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 910 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था. मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार शाम तक ये चक्रवाती तूफान और मंगलवार शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है. इसके बाद ये पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा.
तट से टकराने की आशंका
IMD के मुताबिक, 20 नवंबर को दोपहर तक ये तूफान नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है. वहीं, तेज झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इन दिनों होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने 18 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. 19 और 20 नवंबर को स्थिति और गंभीर हो सकती है. इन दोनों दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है. रायलसीमा में भी भारी बारिश का अनुमान है. इन इलाकों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की भी आशंका है. 21 नवंबर को भी तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में तेज हवाएं चल सकती हैं.
तेज हवाओं की चेतावनी
20 और 21 नवंबर के आसपास तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है. रायलसीमा में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. फिलहाल मौसम विभाग इस सिस्टम पर लगातार नजर बनाए हुए है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर ध्यान देने की जरूरत है.
News Source: ANI
बचाव पर फोकसः डॉप्लर रडार देगा यूपी में तूफान-अतिवृष्टि की पूर्व सूचना, मौसम की मिलेगी सटीक निगरानी
