Chhath Puja 2026: चार दिनों तक भक्ति, अनुशासन और आस्था का अद्भुत नजारा दिखाने वाला छठ महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. सुबह की पहली किरण के साथ ही दिल्ली से बिहार और उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक हजारों श्रद्धालु नदी, तालाबों और छठ घाटों पर पहुंचे. व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी सेहत और खुशहाली की कामना की. इस मौके पर कई बड़े नेता भी पूजा में शामिल हुए.
दिखा छठ का उत्साह
दिल्ली के सोनिया विहार घाट पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की. उन्होंने कहा कि यमुना के किनारे करीब 15 किलोमीटर तक छठ मनाने वाले श्रद्धालुओं की मौजूदगी दिखाई दे रही है. घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ और उत्साह का माहौल है. मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में जिस बड़े स्तर पर छठ महापर्व मनाया जा रहा है, उसकी पहले लोगों ने कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंने बताया कि एक समय यमुना किनारे छठ पूजा पर रोक भी लगाई गई थी, लेकिन अब सरकार की तरफ से जरूरी इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने अपनी पत्नी सुरभि तिवारी का भी जिक्र किया, जो लगातार तीसरे साल छठ व्रत कर रही हैं. पूजा के बाद सुरभि ने छठ गीत भी गाया.
रेखा गुप्ता ने मांगी माफी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ITO घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. उन्होंने छठी मैया से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. साथ ही पूर्वांचल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार ने छठ महापर्व को भव्य और दिव्य तरीके से मनाने की पूरी कोशिश की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर व्यवस्था में कहीं कोई कमी रह गई हो तो उन्हें माफ किया जाए. अगले साल इससे भी बेहतर इंतजाम करने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने ये भी कहा कि विकास के साथ अपनी विरासत और परंपराओं को संभालकर रखना जरूरी है. दिल्ली सरकार की तरफ से इस बार राजधानी में 1,400 से ज्यादा छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं.
छठ पूजा पर बिहार के घाटों की चाक-चौबंद सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर रहेंगे गोताखोर, SDRF और NDRF तैनात
इन नेताओं ने भी की पूजा
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के छठ घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. उन्होंने बिहार और देश के लोगों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों की जांच कराई गई है. उनके मुताबिक, कुल 103 घाटों में से 90 से ज्यादा सुरक्षित पाए गए और खतरनाक घाटों को चिह्नित कर जरूरी इंतजाम किए गए. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपनी पत्नी दीपमाला के साथ छठ पूजा के अंतिम अनुष्ठान पूरे किए. उन्होंने कहा कि छठ का पर्व अनुशासन, पवित्रता और स्वच्छता का संदेश देता है. उन्होंने बिहार और पूरे देश के लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की. उनकी पत्नी ने भी छठी मैया से सभी को स्वस्थ और खुश रखने की प्रार्थना की.
आस्था का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ महापर्व के समापन पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ. उन्होंने व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं पर छठी मैया की कृपा बने रहने की कामना की. छत्तीसगढ़ के जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी पत्नी के साथ पूजा की. ओडिशा के संबलपुर से सांसद धर्मेंद्र प्रधान और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सांसद रवि किशन ने भी उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. पटना, दिल्ली, चंडीगढ़, कोलकाता, अयोध्या और गोरखपुर समेत कई शहरों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
निर्जला व्रत के बाद पारण
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित महापर्व है. इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है. दूसरे दिन खरना में व्रती दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है. तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य अर्पित किया जाता है. इसके बाद पारण के साथ व्रत पूरा होता है. छठ का ये पर्व सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आभार, परिवार के प्रति समर्पण और स्वच्छता व अनुशासन का भी संदेश देता है.
News Source: ANI
आस्था का महासैलाब : बिहार से लेकर दिल्ली तक घाटों पर गूंजे छठी मैया के गीत, डूबते सूर्य को अर्घ्य
