TVS Family Dispute: देश के बड़े कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है. TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने परिवार की संयुक्त संपत्ति में अपना बराबर का हिस्सा मांगा है. इसके लिए उन्होंने अपने पिता को औपचारिक कानूनी नोटिस भेजा है. खास बात ये है कि इस मामले में उनकी मां और कारोबारी जगत की जानी-मानी हस्ती मल्लिका श्रीनिवासन ने भी बेटी का समर्थन किया है. लक्ष्मी वेणु ने अपने नोटिस में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 और 2005 के संशोधन का हवाला दिया है. उनका कहना है कि बेटी होने के नाते उन्हें भी परिवार की संयुक्त संपत्ति में बेटे के बराबर अधिकार मिलना चाहिए. उन्होंने अपने पिता से संपत्ति का निष्पक्ष और कानूनी तरीके से बंटवारा सुनिश्चित करने की मांग की है.
किन कंपनियों का मामला?
लक्ष्मी के दावे में VS ट्रस्ट और दूसरी होल्डिंग कंपनियों के जरिए रखी गई पारिवारिक संपत्तियां और कारोबारी हिस्सेदारी शामिल हैं. इनमें TVS होल्डिंग्स, TVS मोटर कंपनी, TVS क्रेडिट सर्विसेस और सुंदरम-क्लेटन जैसी कंपनियों के हित शामिल बताए गए हैं. ये संपत्तियां 2020 में हुए TVS परिवार के बड़े पारिवारिक समझौते के तहत वेणु श्रीनिवासन की शाखा को मिली थीं. हालांकि, लक्ष्मी का तर्क है कि उस समझौते में परिवार की अलग-अलग शाखाओं के बीच संपत्ति का बंटवारा हुआ था, लेकिन वेणु श्रीनिवासन के अपने परिवार के भीतर संपत्तियों का अलग-अलग बंटवारा नहीं किया गया. उनका कहना है कि कंपनियों का मैनेजमेंट या नियंत्रण किसी एक सदस्य के पास होने का मतलब यह नहीं है कि संपत्ति पर मालिकाना हक भी सिर्फ उसी का हो जाए.
Stock Market की सुस्त शुरुआत! Sensex-Nifty लाल निशान में खुले, महंगाई ने निवेशकों की बढ़ाई टेंशन
ज्यादा हिस्सा मिलने का आरोप
लक्ष्मी ने आरोप लगाया है कि परिवार की संपत्तियों से मिलने वाले लाभ और अधिकार उनके भाई सुदर्शन वेणु के पक्ष में केंद्रित किए जा रहे हैं. इससे उन्हें उनके कानूनी हिस्से से वंचित रखा जा रहा है. उन्होंने अपने नोटिस में ये भी कहा है कि पारिवारिक परंपराओं या पितृसत्तात्मक सोच के आधार पर बेटियों के कानूनी अधिकारों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. किसी एकतरफा फैसले या कारोबारी समझौते से संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में किसी सदस्य का अधिकार खत्म नहीं हो जाता.
मां ने भी किया समर्थन
इस विवाद में मल्लिका श्रीनिवासन का बयान काफी अहम माना जा रहा है. उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए बेटा और बेटी दोनों बराबर हैं. मल्लिका के मुताबिक, लक्ष्मी का परिवार की संपत्ति में वैध हिस्सा है और यह हिस्सा उनके बेटे सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि आपसी बातचीत से समझौते की कोशिशें अब तक समय पर और सार्थक तरीके से आगे नहीं बढ़ पाई हैं. मल्लिका चाहती हैं कि इस मामले का समाधान पारदर्शी बातचीत, समानता और आपसी सम्मान के साथ निकले. वहीं, लक्ष्मी ने भी कहा है कि वह विवाद को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाना चाहती हैं. फिलहाल ये मामला परिवार के भीतर निष्पक्ष बंटवारे और बेटियों के संपत्ति अधिकारों को लेकर चर्चा में है.
News Source: ANI
Gold-Silver खरीदने से पहले चेक करें नए रेट, जानें 10 ग्राम सोने और 1 किलो चांदी का भाव
