Iran-Israel War : इजरायल और अमेरिका एक खुफिया हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई. अब इस हमले को लेकर कई सारे रहस्य खुलकर सामने आ रहे हैं कि किस तरह से इतने बड़े लीडर को मार दिया गया.
Iran-Israel War : रमजान के दौरान शनिवार की तड़के जब तेहरान की सड़कों पर सन्नाटा था और शहर रोज़मर्रा की रफ्तार पकड़ने ही वाला था. उसी दौरान आसमान में मिसाइलें उड़ान भर चुकी थीं. कुछ ही सेकंड के भीतर ईरान की राजधानी के तीन अलग-अलग ठिकानों पर सटीक हमले हुए. इस संयुक्त अमेरिकी-इज़रायली ऑपरेशन में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सहित करीब 40 वरिष्ठ अधिकारियों के मारे जाने की खबर ने दुनिया को हिला दिया. विश्लेषकों ने इसे आधुनिक युद्ध इतिहास के सबसे साहसी रेजीम डिकैपिटेशन ऑपरेशन में से एक बताया. सवाल उठता है कि जब महीनों से तनाव सार्वजनिक था, तब भी इज़रायल कैसे दुनिया सबसे बड़े और सबसे खुफिया ऑपरेशन को अंजाम देकर चौंकाने में सफल रहा? इसका जवाब तीन बातों में छिपा है, जिसमें गहरी खुफिया पकड़, सटीक प्लानिंग और अवसर की असाधारण पहचान है.
महीनों की खुफिया तैयारी
किसी भी सैन्य कार्रवाई की असली शुरुआत बम या मिसाइल से नहीं, बल्कि जानकारी से होती है. इज़रायल की खुफिया एजेंसी मोसाद और सैन्य खुफिया विभाग ने अमेरिकी एजेंसी सेन्ट्रल इटेलीजेंस एजेंसी के साथ मिलकर महीनों तक ईरानी नेतृत्व की गतिविधियों का अध्ययन किया. इस दौरान कौन किस समय कहां जाता है? बैठकें कब और कहां होती हैं? सुरक्षा प्रोटोकॉल में कौन से पैटर्न हैं? धार्मिक अवसरों पर दिनचर्या कैसे बदलती है? इन सभी पहलुओं की मैपिंग की गई. सूत्रों के मुताबिक, खास तौर पर खामेनेई की गतिविधियों को कई हफ्तों तक ट्रैक किया गया. करीब 8 महीनों की रणनीतिक योजना के बाद यह हमला संभव हुआ. यह कोई आकस्मिक निर्णय नहीं था, बल्कि सोचा समझा और बहुत लंबी तैयारी प्लनिंग के बाद सटीक हमला था जो इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया.
विरोधियों के साथ छल की कला
इस ऑपरेशन का सबसे अहम और कम चर्चित पहलू था. ईरान का ध्यान भटकाना, इज़रायली राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व ने जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया कि कोई असामान्य गतिविधि दिखाई न दे. वहीं, ईरान को अंदेशा था कि टकराव कभी न कभी होगा. लेकिन उसे यह पता नहीं था कि कब, कैसे और कितनी तेजी से होगा. इज़रायली अधिकारियों ने बाद में इसे रणनीतिक नहीं, बल्कि सरप्राइज बताया. युद्ध में यही फर्क निर्णायक होता है. दुश्मन को खतरे का अंदाजा हो सकता है, लेकिन अगर उसे सटीक समय और तरीका न पता हो, तो वह तैयारी नहीं कर सकता.
एक मिनट में 40 अधिकारी: हमले की सटीकता
हमले का समय भी प्रतीकात्मक और रणनीतिक दोनों था. धार्मिक अनुष्ठानों के कारण सुरक्षा व्यवस्था की दिनचर्या बदली हुई थी. इज़रायल की ओर से भी यह दिन मनोवैज्ञानिक रूप से भ्रम पैदा करने वाला था, क्योंकि कुछ पर्यवेक्षकों को लगा कि इस दिन हमला नहीं होगा. तीन स्थानों पर लगभग एक साथ हमले हुए. इनमें खामेनेई के अलावा ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के प्रमुख, सेना प्रमुख मेजर जनरल अब्दोलरहीम मौसवी, रक्षा मंत्री अज़ीज़ नसीरज़ादेह और सुरक्षा परिषद के वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी जैसे नाम शामिल बताए गए. यह कोई लकी स्ट्राइक नहीं थी. यह उस गहरी खुफिया पैठ का परिणाम था, जिसमें ईरान की सुरक्षा संरचना के भीतर तक जानकारी जुटाई गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला एक टारगेट ऑफ अपॉर्च्युनिटी के कारण तेज किया गया. एक दुर्लभ क्षण जब इतने वरिष्ठ नेता एक साथ अपेक्षाकृत असुरक्षित स्थिति में थे.
ईरान के पूरे सिस्टम हुआ ध्वस्त
ऐसी स्थिति में आदेश देने और प्रतिक्रिया समन्वय करने की कोई स्पष्ट श्रृंखला नहीं बची. यही डिकैपिटेशन का उद्देश्य था. सिर को काटकर शरीर को निष्क्रिय करना. इजरायल की योजना थी कि पहले कुछ घंटों में ईरान जवाब न दे सके. शुरुआती घंटों में ईरान को अस्थायी नेतृत्व परिषद बनानी पड़ी, जो इस बात का संकेत था कि शासन तंत्र स्तब्ध था.
क्षेत्रीय राजनीति पर प्रभाव
इस ऑपरेशन ने पश्चिम एशिया की रणनीतिक तस्वीर बदल दी है. ईरान का 47 वर्षों से चला आ रहा प्रॉक्सी नेटवर्क अमेरिका और इज़रायल के खिलाफ दबाव का औजार रहा है. अब अनिश्चित भविष्य में है. अमेरिकी नेतृत्व ने संकेत दिए हैं कि नई अस्थायी ईरानी सरकार बातचीत के लिए तैयार है. अगर ऐसा होता है तो यह मध्य-पूर्व की राजनीति में एक बड़ा मोड़ हो सकता है.
खुफिया दुनिया के लिए एक केस स्टडी
दुनिया के कई विश्लेषकों का मानना है कि इतने सुरक्षा-सचेत शासन के खिलाफ इस स्तर का ऑपरेशनल सरप्राइज़ लगभग असंभव माना जाता था. लेकिन इज़रायल ने धैर्य, गुप्तता, तकनीकी क्षमता और मौके की पहचान के जरिए यह संभव कर दिखाया. आने वाले दशकों तक सैन्य अकादमियों में इस ऑपरेशन का अध्ययन किया जाएगा. कैसे गहरी खुफिया पैठ, सटीक समय-निर्धारण और मनोवैज्ञानिक भ्रम मिलकर युद्ध की दिशा बदल सकते हैं.
आगे युद्ध का क्या होगा?
क्या यह इस्लामिक रिपब्लिक के अंत की शुरुआत है या संघर्ष के नए चरण की? इतिहास बताता है कि शासन परिवर्तन और सत्ता के शून्य अक्सर अस्थिरता लाते हैं. अगर ईरान आंतरिक शक्ति-संघर्ष में उलझता है, तो क्षेत्रीय प्रॉक्सी नेटवर्क और ज्यादा आक्रामक हो सकते हैं. दूसरी तरफ अगर नई नेतृत्व बातचीत का रास्ता चुनती है, तो यह दशकों पुराने टकराव को कम करने का अवसर भी हो सकता है. फिलहाल इतना स्पष्ट है कि इज़रायल ने एक ऐसा सामरिक सरप्राइज़ हासिल किया, जिसे असंभव माना जा रहा था. यह ऑपरेशन सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि खुफिया और रणनीतिक धैर्य की मिसाल है. मध्य-पूर्व की राजनीति अब एक नए मोड़ पर खड़ी है, जहां हर कदम आने वाले वर्षों की दिशा तय करेगा.
यह भी पढ़ें- ईरान युद्ध : दिल्ली एयरपोर्ट पर 80 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल, ऑपरेशन शुरू; कई फ्लाइट लौटी
